वडोदरा। भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला वडोदरा में खेला जा रहा है। टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 300 रन बनाए और भारत के सामने 301 रनों का लक्ष्य रखा।
न्यूजीलैंड की ओर से डेरिल मिचेल ने शानदार फॉर्म जारी रखते हुए 84 रन की दमदार पारी खेली। वहीं, डेवोन कॉनवे और हेनरी निकोल्स ने अर्धशतक जमाकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई।
प्रसिद्ध कृष्णा फिर पड़े महंगे
कप्तान शुभमन गिल और टीम मैनेजमेंट ने इस मुकाबले में अर्शदीप सिंह को बेंच पर बैठाकर प्रसिद्ध कृष्णा को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया, लेकिन यह फैसला एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गया।
प्रसिद्ध कृष्णा अपनी सबसे बड़ी कमजोरी, रन रोकने में नाकामी, से इस मैच में भी उबर नहीं सके। उन्होंने 9 ओवर में 60 रन लुटाए। पारी के 48वें और 50वें ओवर की जिम्मेदारी मिलने पर उन्होंने सिर्फ दो ओवर में 28 रन दे डाले।
हालांकि, प्रसिद्ध को 2 विकेट जरूर मिले, लेकिन उनका प्रदर्शन टीम के लिए चिंता का विषय बना रहा। इससे पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज में भी वह महंगे साबित हुए थे। लगातार मौके मिलने के बावजूद वह अपनी कमियों पर काबू पाने में अब तक सफल नहीं हो सके हैं।
कॉनवे-निकोल्स की मजबूत शुरुआत
न्यूजीलैंड की पारी की शुरुआत डेवोन कॉनवे और हेनरी निकोल्स ने शानदार अंदाज में की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 21.4 ओवर में 117 रन जोड़े। यह वनडे क्रिकेट के इतिहास में केवल तीसरा मौका रहा जब न्यूजीलैंड की किसी सलामी जोड़ी ने भारतीय सरजमीं पर 100 से अधिक रन की साझेदारी की।
कॉनवे ने 56 रन और निकोल्स ने 62 रन की पारी खेली। दोनों के आउट होने के बाद कीवी टीम ने तेजी से विकेट गंवाए और 200 रन तक पहुंचते-पहुंचते आधी टीम पवेलियन लौट गई।
मिचेल ने संभाली पारी
एक छोर से डेरिल मिचेल डटे रहे और उन्होंने 71 गेंदों में 84 रन की बेहतरीन पारी खेली। अपनी इस इनिंग में मिचेल ने 5 चौके और 3 छक्के लगाए। उनकी पारी की बदौलत न्यूजीलैंड सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचने में सफल रही।
गेंदबाजी में भारत की ओर से मोहम्मद सिराज और हर्षित राणा ने अच्छा प्रदर्शन किया, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा का महंगा स्पेल चर्चा का विषय बना रहा।


