दरभंगा। दरभंगा के अतरबेल में वोटर अधिकार यात्रा के दौरान कांग्रेस की सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपशब्द कहे जाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। दरभंगा पुलिस ने आरोपी रिज़वी उर्फ राजा को गिरफ्तार कर लिया है।
यूथ कांग्रेस से जुड़ा था कार्यक्रम
यह रैली यूथ कांग्रेस से जुड़े मोहम्मद नौशाद के नेतृत्व में आयोजित की गई थी। विवाद बढ़ने के बाद नौशाद ने माफी मांगी और कहा कि किसी बाहरी व्यक्ति ने मंच से अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। हालांकि, इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और भारी बवाल मच गया।
बीजेपी ने दर्ज कराई थी शिकायत
प्रधानमंत्री को गाली देने के मामले में भाजपा नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने दरभंगा कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने तेजी से जांच शुरू की और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा का हमला
भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘‘दोनों बिगड़ैल राजकुमार बिहार की संस्कृति को बदनाम कर रहे हैं और उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए।’’
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का बयान
इस मामले पर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा —
‘‘भीड़ का व्यवहार राजद की गुंडागर्दी जैसा था और कांग्रेस सत्ता की अंधी चाहत में ऐसे उपद्रवी व्यवहार को बर्दाश्त कर रही है।’’
वीडियो से मचा बवाल
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा गया कि एक छोटे से मंच पर मौजूद व्यक्ति माइक से अपशब्द बोल रहा है। मंच पर कोई बड़ा नेता मौजूद नहीं था, लेकिन वहां मौजूद लोगों ने इस पर आपत्ति भी जताई थी।


