
पटना। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा 2026 की अधिसूचना जारी कर दी है। नोटिफिकेशन जारी होते ही ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 24 फरवरी शाम छह बजे तक निर्धारित की गई है।
इस वर्ष सिविल सेवा परीक्षा के माध्यम से कुल 933 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें बेंचमार्क विकलांगता (PwBD) श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए 33 पद आरक्षित रखे गए हैं।
24 मई को होगी प्रारंभिक परीक्षा
आयोग के अनुसार सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 24 मई 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा प्रक्रिया तीन चरणों में होगी — प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू। तीनों चरणों में सफल अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया जाएगा।
पहले यह अधिसूचना 14 जनवरी को जारी होनी थी, लेकिन प्रशासनिक कारणों से इसे स्थगित कर दिया गया था। अब 4 फरवरी को नोटिफिकेशन जारी कर आवेदन विंडो खोल दी गई है।
इन सेवाओं के लिए होगा चयन
सिविल सेवा परीक्षा के जरिए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS), भारतीय विदेश सेवा (IFS) सहित कई केंद्रीय सेवाओं में अधिकारियों का चयन किया जाएगा। इसे देश की सबसे प्रतिष्ठित और प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में गिना जाता है।
ओटीआर अनिवार्य, तभी भर सकेंगे फॉर्म
यूपीएससी ने स्पष्ट किया है कि आवेदन करने से पहले सभी अभ्यर्थियों को पोर्टल पर वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) करना अनिवार्य होगा। ओटीआर के बिना आवेदन पत्र स्वीकार नहीं किया जाएगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन से पहले विस्तृत अधिसूचना ध्यान से पढ़ लें और समय सीमा के भीतर फॉर्म जमा करें।


