एनटीपीसी शिलान्यास से पहले प्रशासन की सख्ती, 15 सितंबर को पीएम मोदी और सीएम नीतीश का संभावित आगमन
भागलपुर (पीरपैंती)। एनटीपीसी शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर नगर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी कड़ी में सोमवार को पीरपैंती नगर पंचायत क्षेत्र के सुंदरपुर बाजार में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। नगर कार्यपालक पदाधिकारी पूनम कुमारी के नेतृत्व में उल्टा पुल से लेकर स्टेशन चौक तक पूरे इलाके को अतिक्रमण मुक्त किया गया।
अभियान के दौरान मुख्य सड़क पर फैले अस्थायी और स्थायी दोनों तरह के अतिक्रमण हटाने के लिए बुलडोजर का इस्तेमाल किया गया। कई दुकानों के आगे निकले शेड और सड़क तक फैले निर्माण को तोड़ा गया। इस कार्रवाई से जहां सड़क पर जगह खाली हुई, वहीं लंबे समय से लगने वाला जाम काफी हद तक कम हो गया।
15 सितंबर को संभावित आगमन से पहले सख्ती
नगर कार्यपालक पदाधिकारी पूनम कुमारी ने बताया कि 15 सितंबर को पीरपैंती में एनटीपीसी का उद्घाटन होना है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत कई केंद्रीय और राज्य मंत्रियों के आने की संभावना है। ऐसे में सुरक्षा और व्यवस्थागत दृष्टिकोण से नगर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है और लगातार कार्रवाई की जा रही है।
अगला अभियान शेरमारी चौक से अस्पताल मोड़ तक
उन्होंने कहा कि सुंदरपुर बाजार में अभियान पूरा होने के बाद प्रशासन का अगला लक्ष्य शेरमारी चौक से लेकर अस्पताल मोड़ तक सड़क को अतिक्रमण मुक्त करना है। इस दिशा में तैयारी चल रही है। पूनम कुमारी ने स्पष्ट किया—
“सड़क और सार्वजनिक जगहों पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
स्थानीय लोगों को मिली राहत
अभियान के बाद स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने राहत की सांस ली। लोगों ने कहा कि अतिक्रमण हटने से सड़क चौड़ी हो गई है और यातायात आसान हुआ है। आमजन की उम्मीद है कि प्रशासन इसी तरह नियमित कार्रवाई करता रहेगा, ताकि जाम की समस्या से स्थायी तौर पर मुक्ति मिल सके।


