भागलपुर। हबीबपुर थाना क्षेत्र के शाहजंगी मेला मैदान में बुधवार सुबह तेज धमाके के साथ एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का दावा है कि उस पर बम फेंका गया, जबकि पुलिस इसे पटाखा फटने की घटना बता रही है। घटना को लेकर इलाके में दहशत और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
घटना सुबह करीब पौने सात बजे की बताई जा रही है। घायल युवक इनामुल मैदान में खड़ा था, तभी अचानक तेज विस्फोट हुआ और उसके सीने में छर्रे जैसे घाव हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उसे तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घायल इनामुल ने बताया कि वह मेला मैदान में खड़ा था, तभी किसी ने उसकी ओर बम फेंक दिया। विस्फोट के बाद उसके सीने में चोट लगी और तेजी से खून बहने लगा। उसने कहा कि हमला किसने किया, वह देख नहीं सका, क्योंकि घटना अचानक हुई।
सूचना मिलते ही हबीबपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और घायल को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। हालांकि पुलिस का शुरुआती बयान पीड़ित के दावे से अलग है।
सिटी डीएसपी-2 राकेश कुमार ने कहा कि प्रारंभिक जांच में यह मामला पटाखा फोड़ने के दौरान छिटककर लगे टुकड़ों से घायल होने का प्रतीत होता है। उनके अनुसार मौके से मिले संकेत पटाखा विस्फोट की ओर इशारा करते हैं, न कि बम हमले की ओर। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शाहजंगी और हबीबपुर इलाके में पहले भी विस्फोट जैसी घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे लोग डरे हुए हैं। एक अक्टूबर 2024 को खिलाफतनगर इलाके में हुए बम धमाके में आठ बच्चे घायल हुए थे। उस मामले में अब तक आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी है और केस लंबित है।
ताजा घटना के बाद एक बार फिर सुरक्षा और जांच की विश्वसनीयता पर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस का कहना है कि तकनीकी जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


