
मुजफ्फरपुर। एक ओर गृह मंत्री सम्राट चौधरी अपराधियों को राज्य छोड़ने या अपराध का रास्ता त्यागने की सलाह दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर अपराध की बड़ी घटनाएं सामने आ रही हैं। मनियारी थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात कुढ़नी विधानसभा के भाजपा विधायक सह पूर्व मंत्री केदार गुप्ता के निजी सहायक विनोद दास पर बदमाशों ने गोली चला दी।
शादी समारोह से लौटते समय हमला
बताया जाता है कि घटना उस समय हुई जब विनोद दास एक शादी समारोह से लौट रहे थे। गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग और पुलिस तुरंत पहुंचे और उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
बाइकर द्वारा ओवरटेक कर की गई फायरिंग
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, विनोद दास काजीइंडा क्षेत्र से लौट रहे थे तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक किया और फायरिंग कर दी। पहले लोगों ने समझा कि युवक रेस कर रहे हैं, लेकिन गोलियों की आवाज सुनते ही हड़कंप मच गया।
राजनीति में सक्रिय रहे हैं विनोद दास
ग्रामीणों ने बताया कि विनोद दास वर्ष 2021 में अमरक पंचायत से मुखिया पद के उम्मीदवार रहे थे, हालांकि चुनाव हार गए। वे भाजपा संगठन में मंडल अध्यक्ष की भूमिका भी निभा चुके हैं और वर्तमान में कुढ़नी के विधायक केदार गुप्ता के निजी सहायक के तौर पर कार्यरत हैं।
एसपी पहुंचे अस्पताल, जांच जारी
घटना के बाद ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर खुद अस्पताल पहुंचे और घायल तथा परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि विनोद दास को गोली लगी है और इलाज जारी है।
राजेश सिंह प्रभाकर ने कहा,
“पुलिस टीम मामले की गहन जांच कर रही है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।”


