होली के जश्न के बीच बिहार में बड़ा हादसा, एक ही परिवार के चार लोगों की मौत

वैशाली (बिहार)। होली के उत्सव के बीच बिहार के वैशाली जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। वैशाली जिला के सराय थाना क्षेत्र अंतर्गत अनवरपुर गांव में हुए हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है।

सोखता टंकी में गिरने से हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शौचालय की टंकी के सोखता में एक व्यक्ति के गिरने के बाद उसे बचाने के प्रयास में परिवार के अन्य सदस्य भी एक-एक कर अंदर उतर गए। टंकी में जहरीली गैस भरी होने के कारण दम घुटने से सभी की मौत हो गई। इस घटना में तीन अन्य लोग भी गंभीर रूप से बीमार हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मृतकों में तीन सगे भाई शामिल

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान आनंद कुमार, राहुल कुमार और पंकज कुमार के रूप में हुई है, जो आपस में भाई बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि राहुल कुमार की शादी 24 फरवरी को हुई थी और शादी के महज एक सप्ताह के भीतर ही उसकी असमय मौत हो गई। इस घटना ने परिवार के साथ-साथ पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है।

प्रशासन मौके पर, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीएम रामबाबू बैठा और लालगंज एसडीपीओ गोपाल मंडल मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक की लहर है और लोग स्तब्ध हैं कि खुशियों के माहौल के बीच इतनी बड़ी त्रासदी कैसे घट गई।

  • ये भी पढ़े..

    अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भागलपुर वन विभाग में योग शिविर, वनकर्मियों ने अपनाया स्वस्थ जीवन का संकल्प

    Share Add as a preferred…