केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के जम्मू-कश्मीर दौरे से ठीक पहले घाटी में आतंकियों के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू कर दिया गया है। सेना और पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दो अहम ऑपरेशन को अंजाम देते हुए जैश-ए-मोहम्मद के दो आतंकियों को मार गिराया है, जबकि किश्तवाड़ में संगठन के एक टॉप कमांडर को घेर लिया गया है।
उधमपुर में दो आतंकी ढेर, किश्तवाड़ में घेराबंदी
भारतीय सेना ने उधमपुर इलाके में कार्रवाई करते हुए जैश-ए-मोहम्मद के दो आतंकियों को ढेर कर दिया। वहीं किश्तवाड़ जिले के छत्रू क्षेत्र के घने जंगलों में सुरक्षाबलों ने जैश के टॉप कमांडर सैफुल्ला समेत 2–3 आतंकियों को चारों ओर से घेर लिया है।
सूत्रों के मुताबिक अब तक हुई मुठभेड़ में एक आतंकी के मारे जाने की खबर है। सैफुल्ला को इलाके में हुई कई टारगेट किलिंग और आतंकी वारदातों का मास्टरमाइंड माना जाता है। जंगलों में रुक-रुक कर फायरिंग जारी है और सुरक्षाबलों ने घेराबंदी कड़ी कर दी है ताकि कोई आतंकी भाग न सके।
तीन दिवसीय दौरे पर जम्मू-कश्मीर पहुंचेंगे अमित शाह
गृह मंत्री अमित शाह 5 से 7 फरवरी तक जम्मू-कश्मीर के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। यह दौरा सुरक्षा और विकास दोनों दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
- 5 फरवरी की शाम अमित शाह जम्मू पहुंचेंगे
- लोक भवन में राजनीतिक नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे
- कठुआ के हीरानगर सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा का दौरा कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेंगे
सुरक्षा को लेकर होगी हाईलेवल बैठक
दौरे के दौरान जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए एक उच्चस्तरीय बैठक भी होगी, जिसमें उपराज्यपाल, सेना और खुफिया एजेंसियों के शीर्ष अधिकारी शामिल होंगे। दौरे के अंतिम दिन गृह मंत्री श्रीनगर जाएंगे, जहां कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसके बाद वे छत्तीसगढ़ के लिए रवाना हो जाएंगे।
गृह मंत्री के दौरे से पहले शुरू हुए इस ‘ऑपरेशन ऑलआउट’ को आतंक के खिलाफ बड़ा संदेश माना जा रहा है।


