टी20 विश्व कप जीतने के बाद शिवम दुबे ने किया ट्रेन से सफर, परिवार से मिलने की जल्दबाज़ी में लिया बड़ा फैसला

टीम इंडिया के खिलाड़ी टी20 विश्व कप का खिताब जीतने के बाद अपने-अपने घरों के लिए रवाना हो चुके हैं। सभी खिलाड़ी आईपीएल शुरू होने से पहले अपने परिवार और करीबी लोगों के साथ कुछ समय बिताना चाहते हैं। इसी बीच टीम इंडिया के एक खिलाड़ी ने घर जल्दी पहुंचने के लिए ऐसा फैसला लिया जिसने सभी को हैरान कर दिया।

दरअसल, टीम इंडिया के ऑलराउंडर शिवम दुबे ने अहमदाबाद से मुंबई का सफर फ्लाइट की जगह ट्रेन से तय किया। आमतौर पर भारतीय टीम के बड़े खिलाड़ी ट्रेन से यात्रा करते कम ही दिखाई देते हैं, लेकिन परिवार से मिलने की चाहत में उन्होंने यह कदम उठाया।

फ्लाइट नहीं मिली तो ट्रेन से पहुंचे मुंबई

इंडियन एक्सप्रेस को दिए एक इंटरव्यू में शिवम दुबे ने बताया कि अहमदाबाद से मुंबई जाने के लिए उन्हें कोई फ्लाइट उपलब्ध नहीं मिली। ऐसे में उन्होंने ट्रेन से सफर करने का फैसला किया।

उन्होंने कहा,
“वहां कोई फ्लाइट उपलब्ध नहीं थी, इसलिए मैंने ट्रेन से आने का फैसला किया। मैं अहमदाबाद से सुबह की ट्रेन पकड़कर मुंबई पहुंचा। हम सड़क मार्ग से भी आ सकते थे, लेकिन ट्रेन से जल्दी पहुंचना था।”

सिर्फ थर्ड एसी में मिला टिकट

शिवम दुबे जल्द से जल्द अपने घर पहुंचकर अपने बच्चों से मिलना चाहते थे। उनके बेटे का नाम अयान है, जिसकी उम्र करीब 4 साल है, जबकि उनकी बेटी मेहविश 2 साल की है।

उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह उन्होंने और उनकी पत्नी ने ट्रेन से यात्रा करने का फैसला किया। हालांकि उन्हें सिर्फ थर्ड एसी में टिकट मिली, लेकिन समय बचाने के लिए उन्होंने वही टिकट बुक कर ली।

इस दौरान उन्होंने अपनी पहचान छिपाकर सफर किया ताकि किसी तरह की भीड़ या परेशानी का सामना न करना पड़े। मुंबई स्टेशन पर उतरने से पहले उन्होंने पुलिस से संपर्क भी किया ताकि सब कुछ सुरक्षित तरीके से हो सके।

टी20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन

शिवम दुबे ने इस टी20 विश्व कप में शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया के लिए कई अहम पारियां खेलीं। फाइनल मुकाबले में उन्होंने भारतीय पारी के आखिरी ओवर में तीन चौके और तीन छक्के लगाकर टीम का स्कोर 250 के पार पहुंचा दिया।

पूरे टूर्नामेंट के दौरान उनका बल्ला जमकर बोला। उन्होंने इस विश्व कप में कुल 15 छक्के लगाए और इस मामले में रोहित शर्मा के रिकॉर्ड की बराबरी की। यह उनके करियर का लगातार दूसरा टी20 विश्व कप भी रहा।

  • ये भी पढ़े..

    वैभव सूर्यवंशी का तूफान, इंडिया A बनी ट्राई सीरीज चैंपियन; फाइनल में श्रीलंका A को 66 रन से हराया

    Share Add as a preferred…