टी-20 सीरीज में श्रीलंका को 5-0 से रौंदने के बाद टीम इंडिया ने किए महाकाल के दर्शन

श्रीलंका के खिलाफ टी-20 सीरीज में 5-0 से क्लीन स्वीप करने के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने नए साल की शुरुआत उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन के साथ की। स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा समेत टीम इंडिया की कई स्टार खिलाड़ी महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं और पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में भारतीय खिलाड़ी पूरी तरह भक्ति में लीन नजर आ रही हैं। सभी खिलाड़ियों ने भस्म आरती में भी हिस्सा लिया। कुछ खिलाड़ी पारंपरिक वेशभूषा में मंदिर परिसर में दिखाई दीं।

हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय महिला टीम ने हाल ही में शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 नवंबर को खेले गए फाइनल मुकाबले में साउथ अफ्रीका को हराकर पहली बार वर्ल्ड कप का खिताब भी जीता था।

श्रीलंका सीरीज में रहा दमदार प्रदर्शन

श्रीलंका के खिलाफ टी-20 सीरीज में भारतीय बल्लेबाजों और गेंदबाजों का प्रदर्शन शानदार रहा। शेफाली वर्मा खासतौर पर बेहतरीन फॉर्म में नजर आईं। उन्होंने पांच मैचों में 181 के स्ट्राइक रेट से 241 रन बनाए और उन्हें मैन ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड दिया गया।

2025 टीम इंडिया के लिए रहा ऐतिहासिक

भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए साल 2025 ऐतिहासिक साबित हुआ। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम ने पहली बार वर्ल्ड कप जीतकर नया इतिहास रच दिया। सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराने के बाद टीम ने फाइनल में साउथ अफ्रीका को मात दी।

फाइनल मुकाबले में शेफाली वर्मा ने 87 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा ने पांच विकेट लेकर टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाई।


 

  • Related Posts