
भागलपुर: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में पूरे जिले में मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो रहा है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने आज अपने परिवार के साथ मतदान किया। वे डीवीसी कॉलोनी, बरारी स्थित आदर्श मतदान केंद्र पहुंचे और कतार में लगकर अपनी बारी का इंतजार किया।
मतदान के दौरान जिलाधिकारी ने महिलाओं को पहले वोट डालने का अवसर दिया और कई मतदाताओं से संवाद भी किया।
जिलाधिकारी ने कहा — “हर जगह मतदान शांतिपूर्ण, कहीं कोई बाधा नहीं”
जिलाधिकारी डॉ. चौधरी ने मतदान के बाद बताया—
“जिले की सभी विधानसभा सीटों पर शांतिपूर्ण ढंग से मतदान चल रहा है। एक प्रतिशत से भी कम मतदान केंद्रों पर ईवीएम या तकनीकी खराबी की सूचना मिली थी, जिसे तुरंत ही ठीक कर दिया गया। मतदान प्रक्रिया पूरी तरह सुचारू है।”
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान किसी प्रकार की कोई अव्यवस्था या बाधा नहीं उत्पन्न हुई है।
मतदाताओं से घर से निकलकर मतदान करने की अपील
जिलाधिकारी ने जिले के सभी मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील करते हुए कहा—
“लोग अपने घरों से निकलें और निर्भय होकर मतदान करें। शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में वोटिंग हो रही है, प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।”
मतदान केंद्रों पर सुबह से ही अच्छी संख्या में मतदाता पहुंचे हैं और प्रशासन को उम्मीद है कि मतदान प्रतिशत शाम तक और बढ़ेगा।


