बिहार विधानसभा चुनावों में मिली भारी हार के बाद कांग्रेस ने शनिवार को एक उच्चस्तरीय बैठक बुलाई, जिसमें राहुल गांधी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठक के बाद कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और वरिष्ठ नेता अजय माकन ने प्रेस को संबोधित किया और चुनाव में ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में केसी वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस चुनाव आयोग को चुनावी अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार मानती है। उन्होंने कहा कि वोट चोरी हुई है और पार्टी मतदान के आंकड़ों की व्यापक जांच करेगी। इसके बाद बिहार में मिली हार के कारणों पर विस्तृत रिपोर्ट पेश की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस ने यह चुनाव महागठबंधन के साथ मिलकर लड़ा था, जबकि एनडीए करीब 200 सीटें जीतकर भारी बहुमत के साथ सत्ता में लौटा। महागठबंधन 40 सीटों का आंकड़ा भी पार नहीं कर सका। कांग्रेस ने इस बार 61 सीटों पर चुनाव लड़ा था, लेकिन केवल 6 सीटें ही जीत सकी। यह प्रदर्शन 2010 के बाद दूसरा सबसे खराब रहा है, जब पार्टी को सिर्फ 4 सीटें मिली थीं। खास बात यह है कि जिन जिलों में कांग्रेस ने जन अधिकार यात्राएं निकाली थीं, वहां भी पार्टी को हार का सामना करना पड़ा।
राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, “मैं बिहार के लाखों मतदाताओं का दिल से धन्यवाद करता हूँ जिन्होंने महागठबंधन पर विश्वास जताया। यह परिणाम वास्तव में आश्चर्यजनक है। हम ऐसे चुनाव में जीत नहीं सके, जो शुरुआत से ही निष्पक्ष नहीं था।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस और इंडिया ब्लॉक जल्द ही चुनाव परिणामों की विस्तृत समीक्षा करेंगे और लोकतंत्र की रक्षा के लिए और प्रभावी रणनीति तैयार करेंगे।


