
पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कार्यक्रम के बाद उस समय कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब उनका हेलीकॉप्टर उड़ान भरने के बाद कुछ मिनट तक उसी इलाके के ऊपर हवा में मंडराता रहा। इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों और सुरक्षा कर्मियों की चिंता बढ़ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हेलीकॉप्टर उड़ान भरने के बाद करीब 5 से 10 मिनट तक एक ही क्षेत्र के ऊपर चक्कर लगाता रहा। कुछ समय के लिए हेलीकॉप्टर नीचे आता हुआ भी दिखाई दिया, जिससे मैदान में मौजूद लोगों के बीच हलचल मच गई।
स्थिति को देखते हुए अक्षयवट राय स्टेडियम में तैनात सुरक्षा कर्मियों ने एहतियात के तौर पर लोगों को मैदान से हटाना शुरू कर दिया। कार्यक्रम में मौजूद कई लोग और पत्रकार भी सुरक्षित स्थान की ओर चले गए।
कुछ देर बाद हेलीकॉप्टर ने दोबारा ऊंचाई हासिल की और वहां से रवाना हो गया।
घटना के बाद हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अब तक प्रशासन या संबंधित अधिकारियों की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। इसलिए हेलीकॉप्टर के कुछ देर तक हवा में मंडराने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले पर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। हेलीकॉप्टर के कुछ समय तक हवा में चक्कर लगाने के कारणों की पुष्टि संबंधित एजेंसियों या आधिकारिक बयान के बाद ही हो सकेगी।


