1500 रुपए को लेकर भाई से कहासुनी, रात में युवक ने की खुदकुशी

औरंगाबाद में राखी के दिन परिवार में छाया मातम, सुसाइड नोट में खुद को बताया जिम्मेदार

औरंगाबाद (बिहार) — राखी के मौके पर औरंगाबाद जिले के दाऊदनगर थाना क्षेत्र के तरारी गांव में एक 37 वर्षीय युवक ने महज 1500 रुपए को लेकर भाई से कहासुनी के बाद फंदे से लटककर जान दे दी। मृतक की पहचान तरारी निवासी संजय कुमार सिंह (पिता शिव सिंह) के रूप में हुई है, जो पैरों से दिव्यांग था।

परिवार के मुताबिक, छोटे भाई अजय ने संजय को शनिवार को 1500 रुपए दिए थे ताकि वह बहन के ससुराल जाकर राखी बंधवा सके। लेकिन बेरोजगार संजय ने यह पैसे पत्नी और बच्चे के खर्च पर लगा दिए और बहन के घर नहीं गया।

जब छोटे भाई ने पूछताछ की तो संजय ने कहा— “जिसको राखी बांधनी है, वह खुद आए।” इसी बात पर शनिवार शाम दोनों भाइयों में कहासुनी हो गई। रात में संजय ने किचन में फांसी लगाकर जान दे दी।

सुबह मां ने देखा बेटे का शव

रविवार सुबह जब संजय की मां किचन में झाड़ू लगाने गईं, तो दरवाजा बंद मिला। काफी जोर देने के बाद दरवाजा खुला, लेकिन भीतर का नजारा देख वे चीख पड़ीं। संजय फंदे से लटका था और दरवाजे के पीछे गैस सिलेंडर रखा हुआ था, ताकि कोई अंदर न आ सके।

सुसाइड नोट में लिखा— ‘मेरी ही गलती थी’

पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें संजय ने लिखा— “मेरी ही गलती है, मुझे भाई से ऐसे नहीं बोलना चाहिए था। अपनी मौत के लिए मैं खुद जिम्मेदार हूं।”

2 साल पहले हुई थी शादी, 8 महीने का है बच्चा

संजय की शादी दो साल पहले हुई थी और उसका 8 महीने का एक बेटा है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, किचन को सील किया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।

थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और मामले में जांच जारी है।


 

  • Related Posts