मुहर्रम जुलूस की आड़ में युवक की नृशंस हत्या, दो गंभीर रूप से घायल – पूर्वी चंपारण के मेहसी में तनाव

मेहसी (पूर्वी चंपारण), 7 जुलाई 2025 — जिले के मेहसी थाना क्षेत्र अंतर्गत कोठिया हरेराम पंचायत के कनकट्टी बाजार में रविवार को मुहर्रम के दौरान निकाले जा रहे जुलूस की भीड़ के बीच एक युवक की पुरानी रंजिश के चलते बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस हमले में मृतक के दो भाई भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

तलवारबाजी देखने गए थे, वहीं हुआ हमला

मृतक की पहचान अजय राय के रूप में हुई है। वह अपने भाई धनंजय राय और चचेरे भाई नवल किशोर राय के साथ तलवारबाजी का करतब देखने गए थे। उसी दौरान जुलूस में भाग ले रहे एक युवक ने तलवार से अचानक अजय पर हमला कर दिया। जब भाइयों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो उन पर भी हमला कर दिया गया।

घायलों को प्राथमिक इलाज के लिए मेहसी पीएचसी लाया गया, जहां डॉक्टर हरेंद्र कुमार रवि ने अजय को मृत घोषित कर दिया। नवल किशोर को गंभीर स्थिति में मुजफ्फरपुर रेफर किया गया है।

चुनावी रंजिश बताई गई वजह

मृतक के भाई धनंजय राय ने बताया कि पंचायत चुनाव के समय से ही उनके चचेरे भाई राजेश राय और एक अन्य व्यक्ति निजामुद्दीन के बीच पुराना विवाद चला आ रहा था। इसी रंजिश के चलते यह हमला किया गया। अजय राय का किसी से कोई व्यक्तिगत विवाद नहीं था। वह सिर्फ करतब देखने गया था।

दो हिरासत में, इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल और पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात मौके पर पहुंचे। पुलिस ने अब तक दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बताया कि, “15 दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था जिसकी प्राथमिकी दर्ज की गई थी। हम मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं।”

डीआईजी और विधायक मौके पर पहुंचे

घटना की गंभीरता को देखते हुए चंपारण रेंज के डीआईजी हर किशोर राय भी मेहसी पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। वहीं पीपरा के विधायक श्यामबाबू प्रसाद यादव भी घटनास्थल पर पहुंचे और मृतक के परिजनों को सांत्वना दी।

इलाके में तनाव, पुलिस तैनात

घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव व्याप्त है। संवेदनशीलता को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन शांति बहाल रखने की अपील कर रहा है और लोगों से अफवाहों से दूर रहने को कह रहा है।


 

  • Related Posts

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *