मोकामा के राजेंद्र सेतु पर हुआ हादसा, पटना से परीक्षा देकर बेगूसराय लौट रही थी युवती
मोकामा/पटना: सोशल मीडिया के लिए रील बनाने का बढ़ता जुनून कई बार खतरनाक साबित हो रहा है। ऐसा ही एक मामला मोकामा के हाथीदह इलाके से सामने आया है, जहां ट्रेन से सफर कर रही एक युवती रील बनाने के दौरान गंगा नदी में गिर गई। हादसे में युवती को गंभीर चोटें आई हैं, हालांकि मौके पर मौजूद लोगों की तत्परता से उसकी जान बचा ली गई।
जानकारी के अनुसार घटना राजेंद्र सेतु के पास की है। युवती अपने भाई के साथ पटना से परीक्षा देकर बेगूसराय लौट रही थी। इसी दौरान जब ट्रेन राजेंद्र सेतु पर पहुंची तो वह ट्रेन के दरवाजे के पास चली गई और अचानक संतुलन बिगड़ने से गंगा नदी में गिर गई।
नदी में गिरते ही मची अफरा-तफरी
युवती के नदी में गिरते ही आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। संयोग से उस समय गंगा नदी में स्थानीय नाविक मौजूद थे, जो रोजाना मछली पकड़ने का काम करते हैं। उन्होंने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए युवती को बचाने के लिए प्रयास शुरू कर दिया।
वहीं पास में एफ्कोन्स कंपनी द्वारा डबल ट्रैक रेल ब्रिज निर्माण का काम भी चल रहा था। कंपनी के कर्मियों ने भी नाविकों के साथ मिलकर युवती को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की।
एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया
युवती को नदी से बाहर निकालने के बाद उसे तुरंत एफ्कोन्स कंपनी की एंबुलेंस के जरिए नजदीकी महात्मा गांधी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। डॉक्टरों के अनुसार युवती को गिरने के कारण गंभीर चोटें आई हैं, लेकिन फिलहाल उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
बेगूसराय की रहने वाली है युवती
परिजनों ने बताया कि घायल युवती की पहचान साक्षी कुमारी के रूप में हुई है। वह बेगूसराय जिले के लोहिया नगर थाना क्षेत्र के बाघी गांव की रहने वाली है। साक्षी अपने भाई के साथ पटना से परीक्षा देकर वापस घर लौट रही थी।
इसी दौरान ट्रेन के राजेंद्र सेतु पर पहुंचते ही वह दरवाजे के पास चली गई और हादसे का शिकार हो गई।
रील बनाने के दौरान हुआ हादसा
हाथीदह थाना अध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि परिजनों से पूछताछ के दौरान यह जानकारी सामने आई है कि युवती सोशल मीडिया के लिए रील बनाने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गंगा नदी में गिर गई।
पुलिस के अनुसार गिरने के कारण युवती को गंभीर चोटें आई हैं और फिलहाल वह ठीक से बोल भी नहीं पा रही है। मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया के लिए वीडियो या रील बनाने के चक्कर में अपनी जान को खतरे में न डालें, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।


