पटना में गुरुवार देर शाम एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। सिगोरी थाना क्षेत्र के चंदोष गांव के मठिया पुल के पास बाइक सवार बदमाशों ने बीच सड़क पर ऑटो में जा रही महिला पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर अफरातफरी मच गई।
मायके जा रही थी महिला, रास्ते में हुई घात लगाकर वारदात
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, घायल महिला की पहचान 50 वर्षीय शर्मिला देवी के रूप में हुई है। वह ऑटो में सवार होकर पालीगंज स्थित अपने मायके जा रही थी। रास्ते में घात लगाए बैठे बाइक सवार बदमाशों ने उस पर गोली चला दी। हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।
आसपास मौजूद लोगों ने आनन-फानन में महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और इलाज जारी है।
पति और बेटे पर लगाया हमला कराने का आरोप
घटना की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घायल अवस्था में ही महिला से पूछताछ की गई, जिसमें शर्मिला देवी ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने आरोप लगाया कि जमीन विवाद को लेकर उसके पति और बेटे ने ही बदमाशों से उस पर हमला कराया।
पुलिस के अनुसार, पति और बेटे के साथ महिला का लंबे समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। फिलहाल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
इस वारदात ने एक बार फिर पटना में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जबकि इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।


