
दरभंगा जिले से पुलिस की छवि को शर्मसार करने वाला एक वीडियो सामने आया है। बेंता थाना प्रभारी (थानाध्यक्ष) हरेंद्र कुमार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन पर महिला डॉक्टर और उनके चालक के साथ बदसलूकी और गाली-गलौज करने के आरोप लगाए गए हैं।
ट्रैफिक चेकिंग के दौरान हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को बेंता थाना प्रभारी हरेंद्र कुमार सड़क पर वाहन जांच अभियान चला रहे थे। इसी दौरान महिला डॉक्टर तेजस्विनी पांडे अपनी कार से घर लौट रही थीं। आरोप है कि उनकी कार नो-एंट्री जोन में चली गई, जिस पर पुलिस ने वाहन को रोका। इसी बात को लेकर चालक और थाना प्रभारी के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
कार का गेट खोलकर की अभद्रता
आरोप है कि मामूली विवाद के दौरान थाना प्रभारी ने अपना आपा खो दिया और कार का गेट खोलकर चालक के साथ अभद्र व्यवहार किया। वायरल वीडियो में थाना प्रभारी को गाली-गलौज करते और हेकड़ी दिखाते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में महिला डॉक्टर यह कहते हुए सुनाई दे रही हैं कि “आप चालान कीजिए, गाली मत दीजिए”, लेकिन इसके बावजूद दारोगा का रवैया आक्रामक बना रहा।
लोगों के समझाने पर भी नहीं रुके
घटना के दौरान सड़क पर मौजूद लोगों ने भी थाना प्रभारी को समझाने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थे। मौके पर मौजूद लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
महिला डॉक्टर का आरोप
महिला डॉक्टर तेजस्विनी पांडे का आरोप है कि थाना प्रभारी ने स्थिति को और बिगाड़ते हुए सरकारी पिस्टल निकालकर डराने की भी कोशिश की।
उन्होंने कहा,
“थाना प्रभारी बेहद उग्र थे। खुलेआम अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया। हम लोग बार-बार कह रहे थे कि फाइन काट दीजिए, लेकिन वे वर्दी का रौब दिखा रहे थे।”
थाना प्रभारी ने दी सफाई
आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए बेंता थाना प्रभारी हरेंद्र कुमार ने कहा कि मामले की सच्चाई कुछ और है।
उन्होंने कहा,
“वह वन-वे था और बेंता में जाम की स्थिति थी। गाड़ी ने धक्का मारा और भागने की कोशिश की। मेरे साथ दो सिपाही थे। चालक गाड़ी चढ़ाने की कोशिश कर रहा था, हम लोग किसी तरह बच गए। मैं इतने गुस्से में क्यों था, यह मैं खुद नहीं समझ पा रहा हूं।”
जांच के आदेश, कार्रवाई की तैयारी
वीडियो वायरल होने के बाद मामला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंच गया है। दरभंगा सदर डीएसपी राजीव कुमार ने बताया कि पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
डीएसपी ने कहा,
“इस तरह का अमर्यादित व्यवहार किसी भी पुलिस अधिकारी से अपेक्षित नहीं है। जांच कराई जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर संबंधित दारोगा पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।”
फिलहाल मामले की जांच जारी है और दरभंगा पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।


