बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में आम जनता की समस्याओं को सीधे सुनने और त्वरित समाधान के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने जनता दरबार की नई और प्रभावी पहल शुरू की है। बिहार पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर यह पहल अब जमीन पर उतर चुकी है। बुधवार देर शाम रक्सौल थाना परिसर में आयोजित जनता दरबार में सैकड़ों फरियादी पहुंचे, जहां उनकी शिकायतें सुनी गईं और कई मामलों का मौके पर ही निपटारा किया गया।
पॉक्सो केस में लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई
जनता दरबार के दौरान सबसे अहम मामला एक पॉक्सो एक्ट से जुड़े केस का रहा। अगस्त महीने में दर्ज इस मामले में अनुसंधान पदाधिकारी सीमा कुमारी पर गंभीर लापरवाही के आरोप सामने आए। जांच में सामने आया कि न तो आरोपी की गिरफ्तारी की गई थी और न ही वारंट लिया गया था। इस पर एसपी स्वर्ण प्रभात ने बिना देरी किए संबंधित आईओ को तत्काल निलंबित कर दिया। इस फैसले से पुलिस महकमे में कड़ा संदेश गया कि संवेदनशील मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
लापरवाही किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं: एसपी
एसपी स्वर्ण प्रभात ने जनता दरबार के दौरान सभी अनुसंधान पदाधिकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि बच्चों से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की ढिलाई स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने कहा,
“जनता दरबार में कुल 72 आवेदन प्राप्त हुए। एक मामला पॉक्सो एक्ट से जुड़ा था, जिसमें अनुसंधानक द्वारा न तो गिरफ्तारी की गई थी और न ही वारंट लिया गया था। इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए अनुसंधानक को निलंबित किया गया है।”
एसपी ने उम्मीद जताई कि यह कार्रवाई न सिर्फ पीड़ित को न्याय दिलाने में मदद करेगी, बल्कि पूरे विभाग में अनुशासन और जवाबदेही भी सुनिश्चित करेगी।
भूमि विवाद सबसे बड़ी समस्या
जनता दरबार में सबसे अधिक शिकायतें भूमि विवाद से जुड़ी रहीं। इनमें पारिवारिक बंटवारा, रास्ता विवाद, अवैध कब्जा, सीमांकन और पुराने मामलों से जुड़ी शिकायतें शामिल थीं।
रक्सौल थाना क्षेत्र के एक किसान ने जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत की, जिस पर एसपी ने तत्काल थानाध्यक्ष को मौके पर जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए।
कई मामलों का त्वरित समाधान
आदापुर से आए एक परिवार ने पारिवारिक बंटवारे का मामला उठाया, जिस पर संबंधित आईओ को 15 दिनों में रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा हरैया से रास्ता विवाद, रामगढ़वा से सीमांकन और पलनवा से पुराने मुकदमे की शिकायतें भी सुनी गईं। कई मामलों में मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए गए।
जनता दरबार से बढ़ा पुलिस पर भरोसा
एसपी स्वर्ण प्रभात लगातार जिले के विभिन्न थानों में जनता दरबार का आयोजन कर रहे हैं। रक्सौल अनुमंडल के रक्सौल, आदापुर, हरैया, रामगढ़वा और पलनवा थाना क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।
एसपी ने हर फरियादी की बात गंभीरता से सुनी, दस्तावेजों की जांच की और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। इससे लोगों में राहत और संतोष साफ नजर आया।
जनता दरबार की यह पहल पुलिस और जनता के बीच विश्वास का मजबूत पुल बनती दिखाई दे रही है।


