तेलंगाना के कामारेड्डी में अनोखी ‘डबल ट्विन वेडिंग’: जुड़वां भाइयों ने जुड़वां बहनों संग लिए एक ही मंडप में सात फेरे

कामारेड्डी (तेलंगाना): फिल्मों में अक्सर अजीबोगरीब शादियों के किस्से देखने को मिलते हैं, लेकिन तेलंगाना के कामारेड्डी जिले में हुई एक शादी ने हकीकत में लोगों को हैरान कर दिया। यहां दो जुड़वां भाइयों ने दो जुड़वां बहनों के साथ एक ही मंडप में सात फेरे लेकर एक दुर्लभ ‘डबल ट्विन वेडिंग’ का उदाहरण पेश किया। शादी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं और लोग इसे किस्मत का अनोखा खेल बता रहे हैं।

एक जैसी शक्ल, एक जैसा लिबास

यह मामला कामारेड्डी जिले के घनपुर गांव का है। यहां के रहने वाले जुड़वां भाई विजय और विनय ने देमी कलां गांव की जुड़वां बहनों कीर्तन और कीर्ति के साथ विवाह किया। दोनों परिवार पहले से एक-दूसरे को जानते थे। जब यह पता चला कि दोनों ही परिवारों में जुड़वां बच्चे हैं, तो रिश्ते की बात और भी खास हो गई।

परिवारों की सहमति के बाद एक ही शुभ मुहूर्त में चारों ने सात फेरे लिए। खास बात यह रही कि दोनों दूल्हों और दोनों दुल्हनों ने एक जैसे पारंपरिक परिधान पहने थे, जिससे मेहमानों के लिए उन्हें पहचानना मुश्किल हो गया।

शादी का माहौल बना चर्चा का विषय

जैसे ही दोनों जोड़े मंडप में पहुंचे, वहां मौजूद लोग हैरान रह गए। ऐसा लग रहा था मानो आईने के सामने दो जोड़ियां खड़ी हों। दोनों जोड़ों ने एक साथ सभी रस्में निभाईं। एक जैसी साज-सज्जा और पहनावे के कारण मेहमान कई बार कन्फ्यूज हो जाते थे कि कौन किसका जीवनसाथी है।

हंसी-मजाक का माहौल इतना था कि कुछ मेहमान दूल्हा-दुल्हन की पहचान को लेकर आपस में शर्त तक लगाने लगे। गांव के बुजुर्गों का कहना है कि उन्होंने अपने जीवन में पहली बार ऐसा दुर्लभ संयोग देखा है।

फिलहाल, इस अनोखी डबल ट्विन वेडिंग की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही हैं और लोग इस शादी को यादगार और अनोखा बता रहे हैं।

  • Related Posts

    बेऊर जेल से बाहर आए ‘छोटे सरकार’! मोकामा में जश्न, पटना में ‘महाभोज’; बाहुबली अनंत सिंह की रिहाई से बिहार की सियासत में ‘भूचाल’

    HIGHLIGHTS: बाहुबली विधायक की ‘ग्रैंड’…

    Continue reading