शिवहर में दिल दहला देने वाली वारदात: निकाह के एक महीने बाद पत्नी पर पति को जलाने की कोशिश का आरोप

बिहार के जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। आरोप है कि निकाह के महज एक महीने बाद एक नवविवाहिता ने अपने पति पर खौलता तेल फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया और जिंदगी-मौत के बीच जूझ रहा है।

सोते समय खौलता तेल फेंकने का आरोप

घटना पिपराही प्रखंड के मीनापुर बलहा गांव की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार 25 वर्षीय मुन्ना साह दोपहर में घर पर सो रहे थे। इसी दौरान उनकी पत्नी अफसारा खातून ने कथित तौर पर रसोई में सरसों का तेल गर्म किया और उसे जग में भरकर उनके चेहरे व शरीर पर उड़ेल दिया। अचानक तेज जलन से मुन्ना साह चीखते हुए उठे, लेकिन तब तक वह बुरी तरह झुलस चुके थे।

परिजन शोर सुनकर मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उन्हें सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।

एक महीने पहले ही हुआ था निकाह

बताया जा रहा है कि मुन्ना साह पेशे से राजमिस्त्री हैं और पहले हैदराबाद में काम करते थे। हाल ही में वह घर लौटे थे। उनका निकाह 12 जनवरी 2026 को बसहिया गांव निवासी अफसारा खातून से हुआ था। शादी के कुछ ही हफ्तों बाद इस तरह की घटना ने परिवार और गांव के लोगों को स्तब्ध कर दिया है।

पीड़ित के पिता नाजिर साह ने आरोप लगाया है कि बहू उनके बेटे को पसंद नहीं करती थी और उससे दूरी बनाकर रखती थी। उनका कहना है कि घटना सुनियोजित लगती है और बेटे की हत्या की कोशिश की गई है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पिपराही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष उमाकांत सिंह के अनुसार, पीड़ित परिवार के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और सभी पहलुओं से मामले की छानबीन की जा रही है। चिकित्सकीय रिपोर्ट और बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। लोग हैरान हैं कि शादी के महज एक महीने बाद ऐसा गंभीर कदम क्यों उठाया गया। फिलहाल पुलिस सच सामने लाने के लिए हर एंगल से जांच कर रही है।

  • ये भी पढ़े..

    भागलपुर में पिता की स्मृति को समर्पित भावपूर्ण काव्य संध्या, कवियों ने कविता और गीतों से दी श्रद्धांजलि

    Share Add as a preferred…

    भागलपुर के नए डीडीसी रवि राकेश ने संभाला पदभार, विकास योजनाओं को गति देने पर रहेगा विशेष फोकस

    Share Add as a preferred…