नवगछिया में सनसनीखेज हत्या, खेत से लौट रहे युवक को अपराधियों ने मारी चार गोलियां भैंस चराने को लेकर पुराने विवाद में युवक की हत्या, गांव में मातम का माहौल

भागलपुर/नवगछिया:

नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत रंगरा थाना क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। एनएच-31 से भवानीपुर गांव जाने वाली सड़क पर अपराधियों ने एक युवक को गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान भवानीपुर निवासी जवाहर यादव के 21 वर्षीय पुत्र पिंटू यादव के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधियों ने पिंटू यादव पर चार गोलियां दागीं, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए। स्थानीय लोगों की सहायता से घायल पिंटू को आनन-फानन में नवगछिया अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

खेत से लौटते समय की गई वारदात

परिजनों के अनुसार, पिंटू यादव गुरुवार की सुबह दियारा क्षेत्र स्थित खेत में गेहूं की फसल की पटवन हेतु छड़की बनाने गया था। शाम को जब वह बस से उतरकर पैदल अपने घर की ओर जा रहा था, तभी पूसो यादव के बासा के पास पहले से घात लगाए अपराधियों ने उसे घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

पुराने विवाद में हत्या का आरोप

परिजनों ने बताया कि लगभग दो माह पूर्व गांव के ही चंदेश्वरी यादव के परिवार से भैंस चराने को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें मारपीट की घटना भी सामने आई थी। उसी मामले में मृतक के पिता जवाहर यादव फिलहाल जेल में बंद हैं। परिजनों का आरोप है कि इसी रंजिश में पिंटू यादव की हत्या की गई है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने लगाए गंभीर आरोप

घटना के प्रत्यक्षदर्शी चिंकू कुमार ने बताया कि वह पिंटू के साथ ही था। उसने कहा कि सभी आरोपी पहले से एकजुट होकर मौजूद थे और सामने से गोलीबारी की गई। वहीं मृतक के चचेरे भाई सुमित कुमार ने आरोप लगाया कि गांव के ही संजय यादव, बूटो यादव, विभाष यादव, अलख यादव समेत अन्य लोगों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

पिंटू यादव दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। वह खेती-बाड़ी और पशुपालन कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसका छोटा भाई इंटरमीडिएट का छात्र है, जबकि बहन रुपम कुमारी है। घटना के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस जांच में जुटी, आरोपियों की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही रंगरा थाना पुलिस नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंची और परिजनों एवं स्थानीय लोगों से पूछताछ की। नवगछिया पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रेरणा कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह मामला दोनों पक्षों के बीच चले आ रहे पुराने आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।

एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दूसरे पक्ष के लोगों द्वारा गोली मारने की बात सामने आई है। सभी आरोपियों को चिन्हित कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि फिलहाल मामला आपसी रंजिश से जुड़ा लग रहा है, लेकिन यदि जांच के दौरान कोई अन्य तथ्य सामने आता है तो उसकी भी गहन जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मृतक का पोस्टमार्टम नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में कराया जा रहा है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

  • Related Posts

    बिहार में ‘होर्डिंग माफिया’ पर सर्जिकल स्ट्राइक! 100 करोड़ से ज्यादा का राजस्व डकारा; डिप्टी सीएम विजय सिन्हा बोले— “कोर्ट जाकर भी नहीं बचेंगे आर्थिक अपराधी”

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    बिहार में ‘आधी आबादी’ को न्याय दिलाने की मुहिम! 25 सरकारी वकीलों को दी जा रही ‘महिला सुरक्षा’ की ट्रेनिंग; पटना में 5 दिवसीय महा-मंथन शुरू

    Share Add as a preferred…

    Continue reading