पटना के पॉश इलाके में सेवानिवृत्त शिक्षिका की बेरहमी से हत्या, लूटपाट का विरोध करना पड़ा भारी

बिहार की राजधानी पटना में अपराधियों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती दी है। शास्त्री नगर थाना क्षेत्र के पॉश इलाके ए.जी. कॉलोनी स्थित C-71 में 73 वर्षीय वृद्ध महिला एवं सेवानिवृत्त शिक्षिका माधवी दास की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। मृतका घर में अकेली रहती थीं।

रात में पीछे के गेट से घर में घुसे बदमाश

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात अज्ञात अपराधी पीछे के गेट से चुपचाप घर में दाखिल हुए। बदमाशों की नीयत लूटपाट की थी। जब वृद्धा ने इसका विरोध किया, तो अपराधियों ने निर्दयता की सारी हदें पार कर दीं। धारदार हथियार से उनका गला रेत दिया गया, जिससे मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।

घर के अंदर खून से लथपथ शव और चारों ओर पसरा सन्नाटा इस जघन्य अपराध की भयावहता को बयां कर रहा था।

सोने के जेवरात लूटकर फरार हुए अपराधी

हत्या के बाद अपराधी घर से सोने की चेन और दो सोने की अंगूठियां लूटकर फरार हो गए। लूट के इरादे से की गई इस हत्या ने साफ कर दिया है कि अपराधी राजधानी के पॉश इलाकों में भी पूरी तरह बेखौफ हैं। अकेली रहने वाली बुजुर्ग महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही शास्त्री नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी। सचिवालय डीएसपी साकेत कुमार ने बताया कि फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

“आज सुबह पुलिस को सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर शव लहूलुहान अवस्था में मिला। हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार किया जाएगा।”
— साकेत कुमार, डीएसपी, सचिवालय

पति का हो चुका है निधन, अकेली रहती थीं वृद्धा

पुलिस के अनुसार, मृतका के पति एजी कार्यालय में कार्यरत थे, जिनका वर्ष 2022 में निधन हो गया था। इसके बाद से माधवी दास अकेली ही इस मकान में रह रही थीं। पड़ोसियों ने बताया कि वह बेहद शांत स्वभाव की थीं और किसी से उनका कोई विवाद नहीं था।

इलाके में डर और आक्रोश

इस दिल दहला देने वाली घटना से स्थानीय लोग सहमे हुए हैं। लोगों में पुलिस व्यवस्था को लेकर नाराजगी भी देखी जा रही है। स्थानीय निवासियों ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।


 

  • ये भी पढ़े..

    पटना हाईकोर्ट सख्त: बेऊर में अतिक्रमण और जलजमाव मामले पर सरकार से मांगी रिपोर्ट, अधिकारियों की कार्यशैली पर उठाए सवाल

    Share Add as a preferred…