बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री फेलोशिप योजना को लेकर प्रेस मीट का आयोजन

प्रशासनिक सुधार, नवाचार और सुशासन को मिलेगा नया आयाम

पटना, बिहार सरकार द्वारा राज्य में प्रशासनिक सुधार, क्षमता वर्धन एवं नवाचार को सशक्त बनाने के उद्देश्य से प्रारंभ की गई मुख्यमंत्री फेलोशिप योजना को लेकर आज एक महत्वपूर्ण प्रेस मीट का आयोजन किया गया। यह प्रेस मीट अपराह्न 03:00 बजे सूचना भवन, पटना के प्रथम तल स्थित संवाद कक्ष में आयोजित हुई।

इस कार्यक्रम का आयोजन बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन सोसाइटी, पटना एवं भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) बोधगया द्वारा संयुक्त रूप से किया गया, जिसमें सूचना एवं जन संपर्क विभाग का भी सहयोग रहा। प्रेस एवं मीडिया प्रतिनिधियों को योजना की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

सुशासन की दिशा में एक बड़ा कदम

बिहार सरकार ने मुख्यमंत्री फेलोशिप योजना को राज्य के सुशासन कार्यक्रम के एक महत्वपूर्ण अंग के रूप में शुरू किया है। इस योजना को दिनांक 09 सितंबर 2025 को आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में विधिवत स्वीकृति प्रदान की गई थी। योजना का उद्देश्य प्रतिभाशाली एवं योग्य युवाओं को शासन और नीति निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ना है।

योजना का उद्देश्य

मुख्यमंत्री फेलोशिप योजना का मुख्य उद्देश्य युवा विषय-विशेषज्ञों को प्रशासनिक व्यवस्था के साथ जोड़कर नीति निर्माण एवं उसके प्रभावी कार्यान्वयन को मजबूत करना है। चयनित फेलोज सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में उत्प्रेरक की भूमिका निभाएंगे, जिससे राज्य के विकास को नई दिशा और गति प्राप्त होगी।

फेलोशिप की अवधि एवं चयन

इस योजना के अंतर्गत फेलोशिप की अवधि दो वर्षों की होगी। कुल 121 फेलोज का चयन किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को नगर निगम, जिला समाहरणालय, प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय, सचिवालय के विभिन्न विभागों, विकास आयुक्त कार्यालय, मुख्य सचिव कार्यालय, उपमुख्यमंत्री कार्यालय तथा मुख्यमंत्री सचिवालय जैसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक संस्थानों में पदस्थापित किया जाएगा।

मानदेय एवं शैक्षणिक लाभ

चयनित फेलोज को उनकी शैक्षणिक योग्यता एवं अनुभव के आधार पर ₹80,000 से ₹1,50,000 प्रति माह तक का निश्चित मानदेय प्रदान किया जाएगा।
फेलोशिप की अवधि सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर IIM बोधगया द्वारा लोक नीति एवं सुशासन में स्नातकोत्तर प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा।

योजना का क्रियान्वयन

मुख्यमंत्री फेलोशिप योजना का क्रियान्वयन बिहार सरकार के तत्वाधान में IIM बोधगया के सहयोग से किया जा रहा है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 27 नवंबर 2025 को बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन सोसाइटी एवं IIM बोधगया के बीच एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। यह समझौता प्रारंभिक रूप से तीन वर्षों के लिए प्रभावी रहेगा।

फेलोशिप पूर्ण होने पर लाभ

  • IIM बोधगया द्वारा लोक नीति एवं सुशासन में स्नातकोत्तर प्रमाण-पत्र
  • बिहार सरकार द्वारा कार्य अनुभव प्रमाण-पत्र

पात्रता मानदंड

  • प्रबंधन, नीति, विकास, लोक प्रशासन, क्षेत्रीय नियोजन, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी अथवा संबद्ध विषयों में किसी प्रतिष्ठित संस्थान से स्नातकोत्तर डिग्री
  • CAT, GMAT, GRE, GATE, UGC-NET या CSIR-NET में वैध स्कोर
  • राष्ट्रीय महत्व के संस्थान, केंद्रीय विश्वविद्यालय एवं राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर डिग्री धारकों को प्रवेश परीक्षा स्कोर से छूट
  • केवल बिहार के मूल निवासी ही पात्र
  • आयु सीमा एवं आरक्षण राज्य सरकार के प्रचलित नियमों के अनुसार लागू होंगे

अन्य सुविधाएँ

फेलोज को राज्य सरकार के नियमानुसार आरक्षण, योजनाबद्ध प्रशिक्षण तथा IIM बोधगया द्वारा निरंतर मेंटरशिप की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

आवेदन एवं साक्षात्कार कार्यक्रम

  • चक्र 1: आवेदन की अंतिम तिथि – 17 दिसंबर 2025 | साक्षात्कार – 27 एवं 28 दिसंबर 2025
  • चक्र 2: आवेदन की अंतिम तिथि – 31 दिसंबर 2025 | साक्षात्कार – 10 एवं 11 जनवरी 2026
  • चक्र 3: आवेदन की अंतिम तिथि – 15 जनवरी 2026 | साक्षात्कार – 24 एवं 25 जनवरी 2026
  • चक्र 4: आवेदन की अंतिम तिथि – 31 जनवरी 2026 | साक्षात्कार – 07 एवं 08 फरवरी 2026

महत्वपूर्ण तिथियाँ

  • परिणाम की घोषणा – मार्च 2026 (प्रथम सप्ताह)
  • फेलोज का प्रशिक्षण – मार्च 2026 (द्वितीय एवं तृतीय सप्ताह)
  • कार्यालयों में संबद्धता – अप्रैल 2026 से

आवेदन की प्रक्रिया

इच्छुक अभ्यर्थी अधिक जानकारी एवं ऑनलाइन आवेदन के लिए IIM बोधगया की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध मुख्यमंत्री फेलोशिप योजना अनुभाग में आवेदन कर सकते हैं। विशेष जानकारी हेतु ई-मेल के माध्यम से भी संपर्क किया जा सकता है।

प्रेस मीट में उपस्थित गणमान्य

इस अवसर पर IIM बोधगया की निदेशक डॉ. विनीता सिंह सहाय, सोसाइटी के प्रशासनिक पदाधिकारी श्री राशीद कलीम अंसारी, विशेष कार्य पदाधिकारी श्री सतीश रंजन सिन्हा, सामान्य प्रशासन विभाग की जन संपर्क पदाधिकारी सुश्री नुपुर झा सहित मिशन सोसाइटी एवं IIM बोधगया के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

  • Related Posts