बैरिया थाना पुलिस ने की पहचान, आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मामले
बेतिया। बैरिया थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर पिस्टल के साथ युवक और युवती की तस्वीर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। वायरल फोटो के आधार पर बैरिया थाना अध्यक्ष ने दोनों की पहचान कर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
वायरल तस्वीर में एक युवक कुर्सी पर बैठा नजर आ रहा है, जबकि उसके पीछे खड़ी युवती दोनों हाथों में पिस्टल लेकर युवक के कंधे पर रखे हुए दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि युवक के हाथ में भी पिस्टल है।
युवक की पहचान, युवती को लेकर जांच जारी
पुलिस के अनुसार युवक की पहचान सरेया निवासी भरत चौधरी के पुत्र विशाल चौधरी के रूप में हुई है। तस्वीर में दिख रही युवती को लोग डांसर बता रहे हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
शराब कारोबारी, पहले से दर्ज हैं कई केस
पुलिस सूत्रों के मुताबिक विशाल चौधरी शराब कारोबारी है और उसके खिलाफ बैरिया थाना में पहले से कई मामले दर्ज हैं। तस्वीर के वायरल होते ही इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं।
हथियारों के स्रोत की भी जांच
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। अवैध हथियार कहां से आए, इसका भी पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने कहा है कि सभी बिंदुओं पर कार्रवाई की जाएगी।


