
भागलपुर | बिहार सरकार के ‘7 निश्चय-3’ के तहत शुरू हुए ‘सबका सम्मान- जीवन आसान’ (Ease of Living) अभियान ने भागलपुर में रफ्तार पकड़ ली है। शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने अपने कार्यालय में जनता दरबार लगाया और करीब 50 लोगों की समस्याओं पर सुनवाई की।
व्हीलचेयर पर आया दिव्यांग, डीएम ने सुनी बात
जनता दरबार में एक भावुक कर देने वाला पल तब आया, जब एक दिव्यांग आवेदक अपनी समस्या लेकर व्हीलचेयर पर डीएम के समक्ष पहुंचा।
- डीएम ने पूरी संवेदनशीलता के साथ उसकी फरियाद सुनी और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
- किन मामलों की भरमार: सुनवाई के दौरान सबसे ज्यादा आवेदन लंबित पेंशन और जमीन विवाद से जुड़े आए।
रिसीविंग भी मिली और पानी भी मिला
इस अभियान के तहत व्यवस्था को पूरी तरह हाईटेक और मानवीय बनाया गया है।
- पंजीकरण: शिकायत लेकर आए हर व्यक्ति का रजिस्ट्रेशन किया गया और उन्हें आवेदन की प्राप्ति रसीद (Receiving) दी गई।
- सुविधा: आवेदकों के लिए बैठने की कुर्सी, पीने का शुद्ध पानी और शौचालय की व्यवस्था भी कार्यालय के पास की गई थी।
अब हर सोमवार-शुक्रवार को सुनेंगे अधिकारी
डीएम ने स्पष्ट कर दिया है कि यह केवल एक दिन की बात नहीं है।
- शेड्यूल: अब प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को जिले के सभी पदाधिकारी आम लोगों से मिलेंगे।
- दायरा: सिर्फ डीएम ही नहीं, बल्कि डीडीसी (DDC), एडीएम, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO), अंचलाधिकारी (CO) और थानेदार भी अपने-अपने कार्यालय में बैठकर जनता की शिकायतें सुनेंगे।
शुक्रवार को उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता (राजस्व/आपदा/विधि-व्यवस्था) समेत जिले के सभी थानों और प्रखंडों में भी सुनवाई की गई।


