सुपौल, 11 अक्टूबर 2025 | बिहार के सुपौल जिले में शुक्रवार शाम एक सनसनीखेज वारदात हुई है। सदर थाना क्षेत्र के बैरो बाजार में पान दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे बाजार इलाके में कैंप कर रही है।
घटना के बाद बंद हुई दुकानें, अफरा-तफरी का माहौल
शाम होते ही बाजार में अचानक गोलियों की आवाज गूंजी। लोगों ने देखा कि पान दुकान के अंदर दुकानदार लहूलुहान पड़ा है। आनन-फानन में स्थानीय लोग उसे सुपौल सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान बैरो गांव निवासी साजन कुमार (25 वर्ष) के रूप में हुई है।
वारदात के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। दुकानदारों ने डर के मारे अपनी दुकानें बंद कर दीं। पुलिस ने तुरंत इलाके में गश्त बढ़ा दी और देर रात तक बैरो बाजार में कैंप किया।
सिगरेट को लेकर हुआ विवाद, फिर चली गोली
स्थानीय लोगों के अनुसार, गांव के पैक्स अध्यक्ष शंभु यादव के पुत्र आदित्य कुमार शुक्रवार शाम बाइक से पान दुकान पर आया। उसने साजन से सिगरेट मांगी। इस पर साजन ने पहले का बकाया देने की बात कही। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
गुस्से में आदित्य ने कमर से पिस्टल निकाली और साजन के सीने में दो गोलियां दाग दीं। गोली लगते ही साजन मौके पर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी फरार हो गया।
आरोपी गिरफ्तार, पुलिस कर रही पूछताछ
घटना की जानकारी मिलते ही सदर थाना पुलिस और वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। देर रात छापेमारी कर आरोपी आदित्य को गिरफ्तार कर लिया गया।
एसपी शरथ आर.एस. ने बताया, “आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और मामले की पूरी जांच की जा रही है।”
इकलौते वारिस की दर्दनाक मौत
साजन अपने परिवार का इकलौता सहारा था। वह दुकान चलाकर अपने बूढ़ी मां और दो छोटे बच्चों का पालन-पोषण करता था। उसके पिता की मौत पहले ही हो चुकी थी। साजन का लालन-पालन उसके ननिहाल में हुआ था और वहीं से उसकी शादी भी हुई थी। मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया है।
ग्रामीणों ने किया सड़क जाम, पुलिस के खिलाफ नारेबाजी
शनिवार सुबह गुस्साए ग्रामीणों ने साजन का शव सड़क पर रखकर बैरो-नवहट्टा पथ जाम कर दिया। ग्रामीण आरोपी को उनके हवाले करने की मांग कर रहे थे।
घटना की सूचना पर एसडीएम इंद्रवीर कुमार और पुलिस बल मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराया। जाम के दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
पुलिस प्रशासन अलर्ट, इलाके में तैनात की गई अतिरिक्त फोर्स
घटना के बाद पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त बल तैनात किया है। बाजार में लगातार गश्त की जा रही है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।
एसपी शरथ आर.एस. ने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।


