थाने के शिव मंदिर में रची गई नई जिंदगी, भागलपुर के युवक का प्रेम विवाह—पुलिस बनी गवाह

हवेली खड़गपुर।प्रेम कहानी का सुखद अंजाम देखने को मिला, जब थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में प्रेमी युगल ने सात फेरे लेकर एक-दूसरे का हाथ थाम लिया। यह अनोखा विवाह न सिर्फ इलाके में चर्चा का विषय बन गया, बल्कि इसका सबसे खास पहलू यह रहा कि इस शादी के गवाह खुद पुलिसकर्मी, दोनों परिवार और गांव के लोग बने।

चार साल का प्यार, समाज की कसौटी

भागलपुर जिले के नाथनगर स्थित छोटी श्रीरामपुर निवासी ब्रजेश कुमार और हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र के तेघड़ा गांव की पायल कुमारी के बीच करीब चार वर्षों से प्रेम संबंध था। गांव में रिश्तेदारी होने के कारण दोनों का आना-जाना बना रहा और धीरे-धीरे यह रिश्ता शादी के फैसले तक पहुंच गया।

घर से निकलकर भागलपुर पहुंची

23 जनवरी को पायल घर से बाजार जाने की बात कहकर निकली, लेकिन लौटकर नहीं आई। बाद में पता चला कि वह ब्रजेश के साथ भागलपुर चली गई है। इस पर 28 जनवरी को पायल के पिता अजय साह ने हवेली खड़गपुर थाने में गुमशुदगी व अपहरण का मामला दर्ज कराया।

बालिग होने का सबूत, फिर बनी सहमति

पुलिस दबाव और जांच के बाद प्रेमी युगल खुद थाने पहुंचे। दोनों ने अपने बालिग होने से संबंधित प्रमाण पत्र प्रस्तुत किए। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के परिजनों को बुलाया और थाने में बातचीत कराई। लंबी चर्चा के बाद दोनों परिवार शादी के लिए राजी हो गए।

शिव मंदिर में सात फेरे

आपसी सहमति बनते ही थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में पूरे विधि-विधान से विवाह कराया गया। सिंदूर, वरमाला और मंत्रोच्चार के बीच दोनों ने एक-दूसरे को जीवनसाथी स्वीकार किया।

शादी के बाद ब्रजेश और पायल ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वे अब साथ मिलकर नई जिंदगी की शुरुआत करेंगे।

इलाके में चर्चा का विषय

थाने के मंदिर में हुए इस विवाह ने पूरे इलाके में लोगों का ध्यान खींचा है। पुलिसकर्मी, परिजन और ग्रामीण इस अनोखे पल के साक्षी बने। लोगों का कहना है कि जहां आमतौर पर विवाद सुलझते हैं, वहीं आज एक रिश्ता भी जुड़ गया।

  • ये भी पढ़े..

    ग्रामीण सड़कों और संपर्क मार्गों को मिलेगी नई रफ्तार, मुख्यमंत्री ने चौड़ीकरण और नई परियोजनाओं को प्राथमिकता देने के दिए निर्देश

    Share Add as a preferred…

    बिहार में सड़क और पुल परियोजनाओं पर मुख्यमंत्री की सख्ती, गुणवत्ता से समझौता नहीं; भागलपुर फोरलेन गंगा पथ को मिली नई रफ्तार

    Share Add as a preferred…