राजनीति में नया अध्याय: अजित पवार के बाद सुनेत्रा पवार बनी महाराष्ट्र की पहली महिला डिप्टी सीएम

महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा बदलाव: सुनेत्रा पवार बनीं NCP विधायक दल की नेता, अजित पवार के निधन के तीन दिन बाद मिली जिम्मेदारी

मुंबई।राज्यसभा सदस्य सुनेत्रा पवार को शनिवार को सर्वसम्मति से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के विधायक दल की नेता चुन लिया गया। यह फैसला ऐसे वक्त में आया है, जब उनके पति और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का तीन दिन पहले विमान हादसे में निधन हो गया था।

NCP विधायक दल की बैठक में वरिष्ठ नेता दिलीप वालसे पाटिल ने सुनेत्रा पवार के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसका समर्थन खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल ने किया। बैठक में मौजूद सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से उनके नाम पर सहमति जताई।

शपथ से पहले पति को दी श्रद्धांजलि

शपथ ग्रहण से पहले सुनेत्रा पवार ने अपने दिवंगत पति अजित पवार की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान उनके छोटे बेटे जय भी मौजूद रहे। विधान भवन परिसर में प्रवेश करते समय कई मंत्री और विधायक भावुक नजर आए।

प्रधानमंत्री मोदी ने दी शुभकामनाएं

नई डिप्टी सीएम बनने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुनेत्रा पवार को शुभकामनाएं दीं और उनके नेतृत्व के लिए सफलता की कामना की।

समारोह में ये नेता रहे मौजूद

सुनेत्रा पवार के शपथ ग्रहण समारोह में
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस,
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे,
विधान परिषद की डिप्टी चेयरपर्सन डॉ. नीलम गोरहे,
मंत्री छगन भुजबल,
मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

28 जनवरी को हुआ था हादसा

28 जनवरी को बारामती में हुए विमान हादसे में उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री अजित पवार सहित पांच लोगों की मौत हो गई थी। वह मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली महायुति सरकार का अहम चेहरा थे।

राजनीतिक सफर

सुनेत्रा पवार ने 2024 में बारामती लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था, जहां उन्हें अपनी ननद और एनसीपी (एसपी) की सांसद सुप्रिया सुले से हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद वे राज्यसभा सदस्य बनीं।

अब, पति के निधन के बाद सुनेत्रा पवार को पार्टी और सरकार दोनों में बड़ी जिम्मेदारी मिली है। यह महाराष्ट्र की राजनीति में एक नया अध्याय माना जा रहा है।

  • Related Posts