चुनाव से पहले महागठबंधन को बड़ा फायदा, VIP प्रमुख मुकेश सहनी के भाई संतोष चुनाव से हटे

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के प्रचार के आखिरी दिन महागठबंधन को बड़ा फायदा मिला है। विकासशील इंसान पार्टी (VIP) प्रमुख मुकेश सहनी के भाई और दरभंगा की गौड़ा बौराम विधानसभा सीट से उम्मीदवार संतोष सहनी ने चुनाव मैदान से हटने का फैसला लिया है। यह सीट इंडिया गठबंधन की फ्रेंडली फाइट वाली सीटों में शामिल थी, जहां राजद उम्मीदवार अफजल अली भी मैदान में थे।

पहले तेजस्वी यादव ने भी संतोष सहनी के लिए वोट मांगे थे, लेकिन वोटों के बिखराव की आशंका को देखते हुए संतोष सहनी ने ‘बड़ी लड़ाई’ और ‘बड़े लक्ष्य’ के लिए पीछे हटने का फैसला किया है। इस कदम को महागठबंधन के लिए बड़ा चुनावी संकेत माना जा रहा है।

“बड़े लक्ष्य के लिए कुर्बानी जरूरी” — मुकेश सहनी

VIP प्रमुख मुकेश सहनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट करते हुए लिखा,

“बिहार में बदलाव की लड़ाई, सामाजिक न्याय की स्थापना और समाज को उसका हक दिलाने की यात्रा आसान नहीं होती। कभी-कभी अपने बड़े लक्ष्य के लिए बड़ी कुर्बानियां देनी पड़ती हैं। इसी भावना के साथ हमने राजद प्रत्याशी अफजल अली को समर्थन देने का निर्णय लिया है।”

उन्होंने कहा कि संतोष सहनी का यह फैसला बिहार के बेहतर भविष्य और सामाजिक न्याय के संकल्प का प्रतीक है।

“बदलाव की मशाल जलती रहे”

मुकेश सहनी ने आगे कहा,

“हमारा उद्देश्य साफ है कि बदलाव की मशाल जलती रहे और हर वह आवाज मजबूत हो जो समानता, सम्मान और अधिकार की बात करती है। महागठबंधन एकजुट है और बिहार में बदलाव होकर रहेगा।”

उन्होंने अंत में नारा लगाते हुए कहा — “जय वीआईपी, जय महागठबंधन, जय बिहार।”

इस निर्णय से गौड़ा बौराम सीट पर महागठबंधन की स्थिति मजबूत मानी जा रही है, वहीं राजनीतिक गलियारों में इसे रणनीतिक मास्टरस्ट्रोक के तौर पर देखा जा रहा है।

  • Related Posts

    पूर्णिया में 24 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म, पुलिस ने पकड़े तीन आरोपियों को

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    नवादा में लावारिस कुत्तों के लिए फीडिंग प्वाइंट, सुरक्षा और टीकाकरण का अभियान शुरू

    Share Add as a preferred…

    Continue reading