
पटना/बेगूसराय, 14 मार्च 2026 — बिहार में चल रही समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने शनिवार को बेगूसराय जिले को विकास की बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने जिले में 274 करोड़ रुपये की लागत से तैयार और प्रस्तावित कुल 400 विकास योजनाओं का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें 165 करोड़ रुपये की लागत से 211 योजनाओं का उद्घाटन और 109 करोड़ रुपये की लागत से 189 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने जिले में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को सभी कार्य समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का उद्देश्य आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य, सड़क और रोजगार की सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज और अस्पताल का निरीक्षण
समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने बेगूसराय में बन रहे राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पताल का निर्माण तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अस्पताल परिसर में डॉक्टरों और कर्मचारियों के लिए आवासीय व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों को बेहतर और समय पर इलाज मिल सके। उन्होंने मुख्य सड़क से अस्पताल तक सुगम आवागमन की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अस्पताल के शुरू होने के बाद आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।
औद्योगिक क्षेत्र का किया दौरा, कई इकाइयों का उद्घाटन
मुख्यमंत्री ने बेगूसराय औद्योगिक क्षेत्र का भी दौरा किया और वहां स्थापित विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने केम्प्टी बेवरेजेज प्राइवेट लिमिटेड, मेडिवर्सल सिमरन मल्टी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल और ऋषभराज (कूलप्लस प्लाटोवेयर) जैसी इकाइयों का शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया। इसके साथ ही एपिक एग्रो प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड का शिलान्यास भी किया गया।
इंडस्ट्रियल ग्रोथ सेंटर में स्थापित नेचर पॉलीप्लास्ट लिमिटेड का भी मुख्यमंत्री ने उद्घाटन किया और वहां निर्मित उत्पादों के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पूरे बिहार में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि हर जिले में उद्योग स्थापित होने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी।
जीविका समूहों को मिला आर्थिक सहयोग
बेगूसराय के बियाडा प्रांगण में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने 9715 जीविका स्वयं सहायता समूहों को बैंक ऋण के तहत 578 करोड़ 9 लाख रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया।
इसके अलावा जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति को निबंधन प्रमाण पत्र, 13 दीदी अधिकार केंद्रों की चाभी तथा सतत जीविकोपार्जन योजना के लाभार्थियों को ई-रिक्शा की चाभी भी सौंपी गई। वहीं 405 लाभार्थियों को जीविकोपार्जन निवेश निधि के तहत दो करोड़ रुपये का सांकेतिक चेक और किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड के तहत ऋण की स्वीकृति भी दी गई।
इस मौके पर जीविका समूहों की महिलाओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला है। मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों को बधाई देते हुए कहा कि वे समाज और परिवार की आर्थिक मजबूती में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की समीक्षा
मुख्यमंत्री ने इस दौरान पहले घोषित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी की। इनमें तेघड़ा-मुबारकपुर सड़क का चौड़ीकरण, बखरी-बहादुरपुर बाईपास सड़क निर्माण, बीटीपीएस चकिया से लखमिनियां बलिया मार्ग का सुदृढ़ीकरण, कावर झील से जुड़े नालों की उड़ाही और चेकडैम निर्माण, सिमरिया घाट और कल्पवास मेला क्षेत्र का विकास तथा शाम्हो प्रखंड के अकहा पूरहा में डिग्री कॉलेज की स्थापना जैसी योजनाएं शामिल हैं।
कार्यक्रम में कई मंत्री और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री , उप मुख्यमंत्री सहित कई मंत्री, विधायक और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को जिले में चल रही योजनाओं की प्रगति की विस्तृत जानकारी दी।
समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा दी गई इन विकास योजनाओं को बेगूसराय के बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य सेवाओं और औद्योगिक विकास के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राज्य सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से जिले में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।


