पटना/आरा | बिहार में कृषि शिक्षा को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए भवन निर्माण विभाग ने अपनी ताकत झोंक दी है। आरा में 16.92 एकड़ जमीन पर बन रहे कृषि अभियंत्रण महाविद्यालय का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर जारी है। विभाग के सचिव कुमार रवि ने बताया कि यह कैंपस सिर्फ इमारतों का ढांचा नहीं, बल्कि आधुनिक सुविधाओं का केंद्र होगा।
1. हॉस्टल से लेकर प्रिंसिपल आवास तक, जानिए कितना काम हुआ
निर्माण कार्य की प्रगति रिपोर्ट आ गई है। जानिए कैंपस में क्या-क्या बन रहा है और काम कहां तक पहुंचा है:
- गर्ल्स हॉस्टल: छात्राओं के लिए 3 मंजिला हॉस्टल बन रहा है, जिसके तीसरे तल का काम जारी है।
- बॉयज हॉस्टल: छात्रों के लिए 4 मंजिला हॉस्टल प्रस्तावित है, जिसका ब्रिक वर्क (ईंट की जुड़ाई) पूरा कर लिया गया है।
- प्रिंसिपल आवास: स्ट्रक्चर तैयार है, अभी प्लास्टर का काम चल रहा है।
- गेस्ट हाउस: अतिथियों के ठहरने के लिए बन रहे गेस्ट हाउस का ढांचा (Structure) बनकर तैयार है।
- एकेडमिक ब्लॉक: क्लासरूम और लैब के लिए बन रही इस बिल्डिंग का काम भी प्रगति पर है।
2. सोलर से जगमगाएगा कॉलेज, सुरक्षा के लिए CCTV
कुमार रवि ने बताया कि यह कॉलेज पूरी तरह से ‘इको-फ्रेंडली’ और हाईटेक होगा।
- ऊर्जा: बिजली की बचत के लिए सोलर पैनल और सोलर वाटर हीटिंग सिस्टम लगाए जा रहे हैं।
- क्लास: छात्रों के लिए स्मार्ट क्लासरूम, मॉडर्न लाइब्रेरी और उन्नत प्रयोगशालाएं (Hi-tech Labs) होंगी।
- सुरक्षा: पूरा कैंपस सीसीटीवी (CCTV) कैमरों और एक्सेस कंट्रोल सिस्टम से लैस होगा। स्ट्रीट लाइट्स और एवी सिस्टम (AV System) की भी समुचित व्यवस्था होगी।
भविष्य की तैयारी
इस कॉलेज के बनने से राज्य के युवाओं को अपने ही घर में उच्चस्तरीय कृषि इंजीनियरिंग की शिक्षा मिलेगी। इससे न केवल शैक्षणिक माहौल सुधरेगा, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।


