मुख्यमंत्री से सम्मानित किसान की दिनदहाड़े हत्या, दुकान पर बैठे राजू चौधरी को सिर में मारी गोली

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को खुली चुनौती देते हुए दिनदहाड़े एक प्रगतिशील किसान की गोली मारकर हत्या कर दी। बोचहा थाना क्षेत्र के चकेलाल गांव में मंगलवार को बाइक सवार तीन बदमाशों ने किसान एवं नर्सरी संचालक राजू कुमार चौधरी (40) की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। राजू चौधरी कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किए जा चुके थे।

दुकान पर बैठे थे, तभी पहुंच गए हमलावर

परिजनों के अनुसार राजू चौधरी अपनी किराना दुकान पर बैठे लहसुन छील रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे। पहले उन्होंने सामान खरीदने की बात की, फिर अचानक पिस्तौल निकालकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। एक गोली सीधे राजू चौधरी के सिर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े।

अस्पताल पहुंचने से पहले टूट गई उम्मीद

मुख्यमंत्री से सम्मानित किसान की दिनदहाड़े हत्या, दुकान पर बैठे राजू चौधरी को सिर में मारी गोली

गोलीबारी के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायल राजू चौधरी को तुरंत इलाज के लिए एसकेएमसीएच पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

मुख्यमंत्री से सम्मानित थे राजू चौधरी

राजू कुमार चौधरी सिर्फ किसान नहीं, बल्कि क्षेत्र के एक सफल नर्सरी संचालक और प्रगतिशील कृषक के रूप में पहचान रखते थे। कृषि और बागवानी के क्षेत्र में बेहतर कार्यों के लिए उन्हें मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित भी किया जा चुका था। उनकी हत्या से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।

मृतक के पुत्र राहुल कुमार ने बताया,

“मेरे पिता दुकान के काउंटर पर बैठे थे। तभी तीन युवक आए और सिर में गोली मारकर फरार हो गए। पिता जी कृषि और नर्सरी के क्षेत्र में बेहतर काम के लिए मुख्यमंत्री से सम्मानित भी हो चुके थे।”

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, एफएसएल टीम जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही बोचहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर भी एसकेएमसीएच पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की।

ग्रामीण एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तीन अज्ञात हमलावरों के शामिल होने की बात सामने आई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है।

दिनदहाड़े हत्या से दहशत, कानून-व्यवस्था पर सवाल

एक सम्मानित किसान की सार्वजनिक जगह पर गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं इस वारदात ने एक बार फिर जिले की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

  • ये भी पढ़े..

    नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की इंजीनियरिंग अधूरी, चुनावी हलफनामे से सामने आई जानकारी

    Share Add as a preferred…

    अचानक JDU कार्यालय पहुंचे नीतीश कुमार, जनसुनवाई का लिया जायजा; नेताओं की मौजूदगी पर भी रखी नजर

    Share Add as a preferred…