भागलपुर।कहलगांव थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव में सिगरेट को लेकर हुआ मामूली विवाद हिंसक झगड़े में बदल गया। जानकारी के अनुसार, नशे की हालत में विकास नामक युवक ने दो भाइयों पर हमला कर दिया और बीच-बचाव करने आई महिला के साथ भी बदसलूकी की।
घटना के संबंध में घायल पुष्पांकर दास ने बताया कि उसका भाई सुभाष दास दुकान पर बैठा था। तभी विकास आया और सिगरेट मांगने लगा। जब सुभाष ने पहले पैसे देने को कहा, तो विकास जबरदस्ती सिगरेट लेकर जाने लगा। विरोध करने पर उसने देसी कट्टे के बट से सुभाष पर वार कर दिया।
इसके बाद विकास ने अपने सहयोगियों छोटू और राजकुमार को बुलाकर दोनों भाइयों की पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची सुभाष की पत्नी के साथ भी बदसलूकी की गई।
घटना के बाद घायल दोनों भाइयों को गंभीर हालत में मायागंज अस्पताल, भागलपुर में भर्ती कराया गया है। पीड़ित परिवार ने कहलगांव थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।


