बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में शनिवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई। बोचहां थाना क्षेत्र के भूसाही इलाके के मझौली गांव के पास NH किनारे एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक के कनपटी में गोली लगने का निशान पाया गया है, जिससे मामला हत्या या आत्महत्या दोनों कोणों से संदिग्ध माना जा रहा है।
मौके से पिस्टल और बाइक बरामद
सूचना मिलते ही बोचहां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू की। पुलिस ने शव के पास से एक पिस्टल और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। हालांकि मृतक के पास से कोई पहचान पत्र नहीं मिला, जिससे उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) भेज दिया गया। घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है।
बाइक के आधार पर पहचान की कोशिश
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बरामद मोटरसाइकिल मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र के किसी व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत है। पुलिस वाहन के मालिक का पता लगाकर मृतक की पहचान करने में जुटी है। स्थानीय लोगों का भी अनुमान है कि युवक सदर थाना क्षेत्र का रहने वाला हो सकता है।
डीएसपी पूर्वी आलोक वत्स ने बताया—
“7 फरवरी की सुबह बोचहां थाना क्षेत्र के मझौली गांव में सड़क किनारे करीब 35 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। कनपटी में गोली आर-पार होने का निशान है। पास से एक पिस्टल और मोटरसाइकिल बरामद हुई है। एफएसएल टीम ने जांच की है। पहचान के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।”
CCTV और टावर लोकेशन से जांच
दिनदहाड़े शव मिलने से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मोबाइल टावर लोकेशन के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मृतक की पहचान कर पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।


