पूर्वी चंपारण जिले का श्रम कार्यालय आजकल चर्चा में बना हुआ है. मामला मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना से जुड़ा हुआ है. जिस योजना के तहत फर्जी लाभुक को अनुदान की राशि के भुगतान के कई मामले सामने आए हैं.
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा: हालांकि,विभाग ने तीन मामलों में रिकवरी कर ली है. वहीं विभाग अन्य मामलों की जांच कर रही है. मामला जिला के कोटवा प्रखंड से सामने आया है.जबकि अन्य प्रखंडों में भी ऐसे फर्जीवाड़ा के होने की बात कही जा रही है.
21 साल की मां 18 साल की बेटी: मिली जानकारी के अनुसार कोटवा प्रखंड के मच्छरगांवा पंचायत स्थित रोहुआ गांव के गुड्डू शर्मा ने अपनी बेटी की शादी में श्रम विभाग से 50 हजार रुपया का अनुदान लिया था. गुड्डू शर्मा के आवेदन में उनकी पत्नी की वर्तमान उम्र 21 साल अंकित है. वहीं बेटी का उम्र 18 साल लिखा हुआ है.
जिसकी बेटी नहीं उसे भी अनुदान: वहीं कोटवा प्रखंड के कररिया गांव के स्व.सुनील कुशवाहा की पत्नी ऊषा देवी ने अंचल कार्यालय से द्वारा जारी अपने वंशावली में सिर्फ चार पुत्र होने की जानकारी दी थी. लेकिन श्रम विभाग ने उषा देवी को बेटी की शादी के लिए 50 हजार रुपया का अनुदान दे दिया.


