संदिग्ध परिस्थितियों में 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत, परिजनों ने साथी पर जताया संदेह, पुलिस जांच में जुटी

भागलपुर।
भागलपुर जिले के बिहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लत्तीपुर उत्तर गांव में 55 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध हालात में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान लत्तीपुर उत्तर निवासी सुनील झा (पिता–स्व. उमाकांत झा) के रूप में हुई है। परिजनों ने उनके साथ घर से निकले व्यक्ति की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं, वहीं पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

परिजनों के अनुसार, सुनील झा अपने परिचित भीम शंकर यादव के साथ एक दाह संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर से निकले थे। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वे वापस नहीं लौटे, तो परिवार के लोगों को चिंता हुई। इसी दौरान भीम शंकर यादव का फोन आया, जिसमें उसने बताया कि सुनील झा जीरो माइल के पास गिर गए हैं। यह सूचना देने के बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया, जिससे परिजनों की बेचैनी और बढ़ गई।

परिजन जीरो माइल समेत आसपास के कई स्थानों और थानों में खोजबीन करते रहे, लेकिन सुनील झा का कहीं पता नहीं चला। देर रात करीब 10:30 बजे एक बार फिर भीम शंकर यादव का फोन आया। इस बार उसने बताया कि सुनील झा रानी तालाब के आगे माउंट एसएससी स्कूल के पास एक बगीचे में पड़े हुए हैं।

सूचना मिलते ही परिजन बाबूपुर मोड़ स्थित माउंट एसएससी स्कूल के समीप पहुंचे, जहां सुनील झा बेहोशी की हालत में मिले। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए मायागंज अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच के बाद ब्रेन हेमरेज की आशंका जताई और इलाज शुरू किया। हालांकि इलाज के दौरान गुरुवार सुबह उनकी मौत हो गई।

मृतक के परिजनों का आरोप है कि भीम शंकर यादव द्वारा दी गई जानकारी बार-बार बदली गई, जिससे उसकी भूमिका संदिग्ध लगती है। उनका कहना है कि सुनील झा की ऐसी हालत कैसे हुई, इसकी सही जानकारी उसी व्यक्ति को हो सकती है, जो उनके साथ मौजूद था।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।

इस घटना के बाद इलाके में चर्चाओं का दौर तेज है। परिजनों ने निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

  • Related Posts

    मुजफ्फरपुर: पुलिस और बदमाशों के बीच भीषण मुठभेड़; ASI को गोली मारने वाले कुख्यात पप्पू साहनी का ‘एनकाउंटर’, दोनों अस्पताल में भर्ती

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    मुजफ्फरपुर में ‘घूसखोर’ अफसर पर निगरानी का शिकंजा; 50 हजार लेते रंगे हाथ धराए कृषि पदाधिकारी और ड्राइवर, खाद दुकानदार को कर रहे थे ब्लैकमेल

    Share Add as a preferred…

    Continue reading