हाजीपुर में 23 वर्षीय महिला की गोली मारकर हत्या, चापाकल से पानी लेने के दौरान मारी गोली

दो दिन पहले हुआ था पड़ोसियों से विवाद, दो हिरासत में

हाजीपुर (वैशाली)। नगर थाना क्षेत्र के चौहट्टा चौक इलाके में गुरुवार देर रात दिल दहला देने वाली वारदात हुई। 23 वर्षीय गुड़िया देवी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना उस वक्त हुई, जब वह घर के आंगन में लगे चापाकल से पानी लेने गई थीं। गोली सिर में लगने से मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गईं। इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस और एफएसएल की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और दो पड़ोसियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

अचानक गिरी, पहले चोट समझा गया
परिजनों के मुताबिक, गुरुवार की रात गुड़िया देवी अपने पति अर्जुन पासवान के कहने पर पानी लेने गई थीं। कुछ ही देर में वह अचानक गिर पड़ीं। शोर सुनकर घर के लोग बाहर दौड़े। पहले लगा कि किसी चीज से चोट लगी है, लेकिन जब सिर से खून बहता दिखा, तो घबराकर उन्हें अस्पताल ले जाया गया।

पति कोर्ट में जज के निजी चालक
मृतका के पति अर्जुन पासवान हाजीपुर कोर्ट के एडीजे-4 न्यायालय में एक जज के निजी चालक हैं। वे गुरुवार को एक परिचित के यहां श्राद्ध भोज में गए थे, लेकिन खाना खाए बिना लौट आए। घर पहुंचने के बाद उन्होंने पत्नी से खाना और पानी लाने को कहा था।

दो दिन पहले हुआ था विवाद
अर्जुन पासवान ने बताया कि दो दिन पहले पड़ोसियों से पानी गिराने को लेकर कहासुनी हुई थी। पड़ोसी के बेटे द्वारा उल्टी करने के बाद पानी गिराने को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। परिजनों का आरोप है कि उसी रंजिश में गुड़िया की हत्या की गई।

पार्टी की चर्चा, पुलिस कर रही जांच
इलाके में यह भी चर्चा है कि घटना वाली रात घर में कुछ लोगों की पार्टी हुई थी और उसी दौरान विवाद में गोली चली। हालांकि इस बात की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है।

दो हिरासत में, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
नगर थाना पुलिस ने दो पड़ोसियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण और फायरिंग की दिशा स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस का बयान
एसडीपीओ सदर-1 सुबोध कुमार ने बताया कि महिला चापाकल से पानी लेने गई थी, उसी दौरान गोली लगने से उसकी मौत हुई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।

दो मासूम पीछे छूटे
गुड़िया देवी अपने पीछे पांच वर्षीय पुत्र और एक वर्षीय पुत्री को छोड़ गई हैं। मां की मौत के बाद दोनों बच्चों को समझ नहीं आ रहा कि क्या हुआ। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


 

  • Related Posts

    503 कार्टन शराब छोड़ने के बदले 10 लाख की डील! वर्दी पर दाग—वायरल वीडियो से बेतिया पुलिस में हड़कंप

    Share Add as a preferred…

    Continue reading