बगहा में 12 फीट लंबा किंग कोबरा मिलने से हड़कंप, वन विभाग ने किया रेस्क्यू

बिहार के बगहा में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक 12 फीट लंबा विषैला किंग कोबरा घर में घुस गया। मामला Valmiki Tiger Reserve के वन प्रमंडल-2 अंतर्गत संतपुर गांव का है। बताया जा रहा है कि संतपुर सहरिया पंचायत निवासी किशोर काजी के घर में देर रात विशालकाय सांप दिखाई दिया, जिसे देखकर परिवार के लोग डर गए।

घटना की सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। भारतीय वन्यजीव संस्थान (WII) के परियोजना सहायक मुकेश कुमार, वनरक्षी सुनील कुमार और अन्य कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद किंग कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गर्मी के मौसम में जंगलों में रहने वाले सांप और अन्य वन्य जीव पानी और ठंडी जगह की तलाश में गांवों की ओर आ जाते हैं। रेस्क्यू के बाद किंग कोबरा को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया।

वन अधिकारी सत्यम कुमार ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी घर या आसपास सांप दिखाई दे तो घबराएं नहीं और न ही उसे मारने की कोशिश करें। तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया जा सके।

विशेषज्ञों के अनुसार, किंग कोबरा दुनिया के सबसे खतरनाक विषैले सांपों में गिना जाता है। इसके जहर का असर बेहद तेजी से होता है। वाल्मीकि टाइगर रिजर्व जैव विविधता के लिए प्रसिद्ध है और यहां कई दुर्लभ प्रजातियों के सांप पाए जाते हैं।

  • ये भी पढ़े..

    अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भागलपुर वन विभाग में योग शिविर, वनकर्मियों ने अपनाया स्वस्थ जीवन का संकल्प

    Share Add as a preferred…