मुंबई पुलिस को धमकी; जुहू से शख्स ने फोन पर कहा- लोकल ट्रेन में सिलसिलेवार धमाके होंगे

मुंबई पुलिस को लोकल ट्रेन में ‘सीरियल बम ब्लास्ट’ की धमकी वाली कॉल मिली है। मामले की जानकारी के बाद मुंबई पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, रविवार सुबह मुंबई पुलिस को मुंबई लोकल ट्रेन में सिलसिलेवार बम विस्फोट की सूचना मिली। फिलहाल, पुलिस ने धमकी देने वाले शख्स को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।

कॉल आज सुबह मुंबई कंट्रोल रूम को मिली, फोन पर शख्स ने दावा किया कि मुंबई की एक लोकल ट्रेन में बम रखा गया है। कंट्रोल में कॉल अटेंड कर रही महिला पुलिस अधिकारी ने उससे और जानकारी जुटाने की कोशिश की। हालांकि, फोन करने वाले ने बम के विवरण के बारे में कुछ भी नहीं बताया और उसने यह कहते हुए फोन काट दिया कि वह जुहू के विले पार्ले इलाके से बोल रहा है।

धमकी भरा कॉल जुहू इलाके से ही किया गया था: पुलिस

पुलिस के मुताबिक, धमकी भरे कॉल के बारे में जांच पड़ताल की गई तो संबंधित व्यक्ति के फोन की लोकेशन जुहू ही निकली। कुछ देर बाद फोन करने वाले ने अपना मोबाइल बंद कर लिया। सूत्रों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों ने संबंधित थाने को सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की सूचना दी।

मुंबई पुलिस का कहना है कि जिस शख्स ने मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम पर धमकी भरा कॉल किया था, उसे जुहू पुलिस ने जुहू इलाके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए शख्स की पहचान अशोक के रूप में की गई है। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उसने शराब के नशे में कॉल किया था।

  • Related Posts

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *