इतिहास रचने को तैयार मोदी सरकार

लोकसभा चुनाव के असल नतीजों के तीन दिन पहले शनिवार को आए एग्जिट पोल में देश में एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनने के आसार नजर आ रहे हैं। यदि नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनते हैं तो वह इतिहास रच देंगे। अब तक पंडित जवाहर लाल नेहरू ही लगातार तीन बार चुनाव जीतकर प्रधानमंत्री रहे हैं।

अधिकांश एग्जिट पोल एनडीए को 350 से ज्यादा सीटें दे रहे हैं, जिसमें भाजपा 300 से ऊपर सीटें जीत सकती है। इंडिया गठबंधन को बहुत ज्यादा फायदा होता नहीं दिख रहा है।

एग्जिट पोल में भाजपा केरल और तमिलनाडु में खाता खोलती दिख रही है। आंध्र प्रदेश में गठबंधन के साथ खासी सफलता हासिल कर सकती है। कर्नाटक में मौजूदा उथल-पुथल में गठबंधन के साथ वह अपना पिछला आंकड़ा बरकरार रख सकती है। बंगाल और ओडिशा में उसकी सफलता बढ़ने के आसार हैं। वहीं, हरियाणा, बिहार, झारखंड और राजस्थान में कुछ सीटों के नुकसान की आशंका है। पंजाब में भी लाभ मिलता दिखाई दे रहा है।

यूपी में पार्टी को पिछली बार की तुलना में कुछ लाभ की संभावना है। यदि ये अनुमान के आंकड़े परिणाम में तब्दील होते हैं तो भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी का जो नारा दिया था, वह कहीं न कहीं काम करता दिख रहा है। दिल्ली में भाजपा सात में से छह सीटों पर अपनी पकड़ बनाए रख सकती है। कांग्रेस, तृणमूल, राजद ने एग्जिट पोलों को खारिज कर दिया है।

सातवें चरण में 61 फीसदी से अधिक मतदान

नई दिल्ली, एजेंसी। लोकसभा चुनाव के आखिरी और सातवें चरण में शनिवार को प्रचंड गर्मी और लू के बीच 61.01 फीसदी मतदाताओं ने वोट दिया। अंतिम चरण में आठ राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों की 57 सीटों के साथ ओडिशा विधानसभा की बाकी बची 42 सीटों पर मतदान कराया गया। निर्वाचन आयोग के अनुसार, इस चरण में भी बंगाल में सबसे ज्यादा 69.89 प्रतिशत वोट डाले गए, जबकि बिहार में सबसे कम मत प्रतिशत 51.70 रहा। पश्चिम बंगाल के संदेशखाली क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस और भाजपा समर्थकों के बीच हिंसा की घटनाएं सामने आईं। आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम की विधानसभाओं के लिए भी मतदान हुआ। मतों की गिनती चार जून को होगी। अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना दो जून को होगी।

इंडिया गठबंधन वोटरों के दिलों को छूने में विफल रहा। मतदाताओं ने विपक्ष की प्रतिगामी राजनीति को खारिज कर दिया। अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने वाले सभी लोगों का हृदय से आभार।

-नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री

इंडिया गठबंधन को कम से कम 295 सीट आएंगी। हम इससे ज्यादा सीट जीतेंगे, यह जनता का सर्वेक्षण है। गठबंधन के सभी दल एक साथ हैं। हम एक रहेंगे, हमें बांटने की कोशिश न करें।

-मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस अध्यक्ष

  • Related Posts

    बिहार सरकार की कलाकार पेंशन योजना कलाकारों के लिए वरदान साबित

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    टीएमबीयू में ‘प्रमोशन’ की खबर पर मचा बवाल! विश्वविद्यालय प्रशासन ने दावों को बताया सफेद झूठ; कुलसचिव ने मीडिया रिपोर्ट्स का किया कड़ा खंडन

    Share Add as a preferred…

    Continue reading

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *