कई राज्यों में मौसम ने बदला अपना मिजाज, इन जगहों पर भारी बारिश के आसार; बढ़ सकती है ठंड

देश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। उत्तर भारत के कुछ राज्यों में जहां पिछले 24 घंटे के दौरान हुई बारिश ने सर्दी बढ़ा दी है। वहीं, पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी हो रही है। उत्तर प्रदेश के लखनऊ, जौनपुर, आजमगढ़, सुल्तानपुर समेत कई जिलों में गुरुवार को बारिश हुई। इससे ठिठुरन बढ़ गई है और कोहरा भी पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आज से दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में बारिश का एक नया दौर शुरू होगा। केरल और माहे में आज और कल भारी बारिश की संभावना है। शनिवार को तमिलनाडु में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

 राज्यों में होगी बारिश

अगले 48 घंटे के दौरान मिजोरम, मणिपुर, त्रिपुरा, मेघालय, असम, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड के कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। इसके अलावा यूपी, बिहार, झारखंड, पंश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश में भी बारिश की संभावना है।

दिल्ली-एनसीआर में बढ़ी ठंड

दिल्ली में शुक्रवार की सुबह ठंड महसूस की गई और कोहरा छाया हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। दिल्ली, नोएडा समेत पूरे एनसीआर में सुबह-शाम कोहरा पड़ रहा है। पंजाब-हरियाणा और राजस्थान में भी ठंड पड़ रही है।  वहीं, दिल्ली के अधिकतर इलाके में AQI ‘बहुत खराब’ श्रेणी में है।

कश्मीर में कड़ाके की सर्दी

घाटी में ठंड बढ़ने के कारण पूरे कश्मीर में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे पहुंच गया है। जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दो डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पिछली रात यह शून्य से नीचे 1.4 डिग्री सेल्सियस था। पहलगाम में तापमान शून्य से नीचे 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

चेन्नई में बारिश से बाढ़ जैसे हालात

चक्रवात ‘मिगजॉम’ के कारण मूसलाधार बारिश होने के कुछ दिनों बाद बृहस्पतिवार को चेन्नई के कुछ हिस्सों और आसपास के जिलों के उपनगरों में पानी भर गया, जिससे महानगर और इसके आसपास के इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। चक्रवात ‘मिगजॉम’ मंगलवार को आंध्र प्रदेश में तट को पार कर गया और चेन्नई, तिरुवल्लूर, कांचीपुरम और चेंगलपेट को इसका खामियाजा भुगतना पड़ा।  वेलाचेरी और पश्चिम तांबरम के कुछ हिस्सों में बृहस्पतिवार को भी जलभराव हो गया, यहां पल्लीकरनई क्षेत्र में खाद्यान्न के पैकेट हवाई जहाज से गिराए गए।

 झारखंड में बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त 

झारखंड में रुक-रुक कर हो रही बारिश की वजह से सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त है। मंगलवार शाम से रुक-रुककर हो रही हल्की से मध्यम बारिश के कारण राज्य के दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।  रांची मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी अभिषेक आनंद ने बताया कि शुक्रवार के बाद चक्रवात का प्रभाव कम हो जाएगा। उन्होंने कहा कि शाम से बारिश की तीव्रता कम हो जाएगी।

पश्चिम बंगाल का मौसम

पश्चिम बंगाल के कोलकाता और दक्षिणी जिलों में बृहस्पतिवार की सुबह ठंडी हवा के साथ-साथ रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने शुक्रवार को सुबह तक पूर्वी भारत में सामान्य रूप से बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग का कहना है कि चक्रवाती तूफान ‘मिगजॉम’ कमजोर होकर छत्तीसगढ़ के ऊपर निम्न दबाव वाले क्षेत्र में तब्दील हो गया है, जिसके कारण ही पूर्वी भारत के मौसम में ऐसे बदलाव आये हैं।

ये भी पढ़े..

बीड़ी और खनन श्रमिकों के बच्चों के लिए बड़ी राहत, केंद्र सरकार दे रही 1,000 से 25,000 रुपये तक की छात्रवृत्ति

Share Add as a preferred…

पीएम सूर्य घर योजना में बिहार का राष्ट्रीय स्तर पर जलवा, सरकारी भवनों के सौर ऊर्जाकरण के लिए मिला प्रतिष्ठित सम्मान

Share Add as a preferred…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *