
पटना: बांकीपुर विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने मंगलवार को पाटलिपुत्रा कॉलोनी स्थित पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के AI वीडियो को लेकर सवाल उठाते हुए इसे मतदाताओं को गुमराह करने वाला प्रचार बताया।
मनोज भारती ने कहा कि भाजपा को अगर वीडियो में कही गई बातों पर भरोसा है तो वही बातें नीतीश कुमार से किसी पत्रकार के सामने कहलवा दे। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं किया जा रहा है क्योंकि भाजपा के पास अब बांकीपुर चुनाव में हार के डर से यही आखिरी सहारा बचा है।
उन्होंने कहा, “जिस मुख्यमंत्री के नाम पर भाजपा ने पिछले चुनाव में बिहार की जनता से वोट मांगा था, कुछ ही महीनों में उन्हीं को पीछे कर दिया गया। अब बांकीपुर में हार के डर से उन्हीं का सहारा लेना पड़ रहा है।”
जन सुराज प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा पर गलत प्रचार, भ्रामक पोस्टर-बैनर और कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा द्वारा किए गए प्रचार को सही साबित किया जाता है तो जन सुराज अपने आरोप वापस लेने को तैयार है।
“भाजपा ने प्रशांत किशोर के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया”
वहीं जन सुराज के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुमार सौरभ ने कहा कि चुनाव प्रचार के अंतिम दौर में भाजपा की ओर से प्रशांत किशोर को लेकर कई तरह के बयान दिए गए।
उन्होंने आरोप लगाया कि जब प्रशांत किशोर बांकीपुर से चुनाव लड़ने पहुंचे तो उनके खिलाफ जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया गया, उसे सार्वजनिक रूप से दोहराना भी संभव नहीं है।
कुमार सौरभ ने कहा कि भाजपा पहले दूसरी पार्टियों के नेताओं को अपने साथ जोड़ने का काम करती थी, लेकिन अब बांकीपुर में उसके प्रत्याशी को लेकर ही ऐसी स्थिति बन गई कि पहले प्रत्याशी ने नामांकन के 24 घंटे के अंदर नाम वापस ले लिया और फिर दूसरा उम्मीदवार मैदान में उतारना पड़ा।
जन सुराज ने चुनावी माहौल में तेज की सक्रियता
प्रेस कॉन्फ्रेंस में जन सुराज के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुमार सौरभ और चंपारण के क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी संजय ठाकुर भी मौजूद रहे।
बांकीपुर चुनाव में AI वीडियो विवाद, प्रचार अभियान और आरोप-प्रत्यारोप के बीच राजनीतिक तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। चुनाव प्रचार के आखिरी चरण में सभी दल मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं।


