
पटना: बिहार बंद के दौरान हुए हिंसक प्रदर्शन और उपद्रव मामले में जनशक्ति जनता दल (JJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजप्रताप यादव को गिरफ्तार कर 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में बेऊर केंद्रीय कारा भेज दिया गया है। उनकी ओर से अदालत में जमानत याचिका भी दाखिल की गई है। वहीं सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें जेल में मेडिकल ऑब्जर्वेशन में रखा गया है।
12 से अधिक गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ मामला
पटना के गांधी मैदान थाना में तेजप्रताप यादव के खिलाफ हत्या के प्रयास, दंगा, सरकारी कार्य में बाधा, अश्लील प्रदर्शन और हिंसा भड़काने सहित 12 से अधिक गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि बिहार बंद के दौरान हुई हिंसा, पथराव और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है।
शनिवार देर रात पुलिस उन्हें नौबतपुर थाना से छज्जूबाग स्थित मजिस्ट्रेट कोर्ट लेकर पहुंची, जहां सुनवाई के बाद अदालत ने उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में बेऊर जेल भेजने का आदेश दिया।
तेजस्वी यादव ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
अपने बड़े भाई की गिरफ्तारी के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव उनके समर्थन में सामने आए। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में छात्रों और आंदोलन से जुड़े लोगों को निशाना बनाया जा रहा है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि दिल्ली में आंदोलन से जुड़े मामलों को वापस लेने की बात हुई, जबकि बिहार में छात्रों और प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य में लोकतांत्रिक विरोध को दबाने के लिए बड़े पैमाने पर एफआईआर दर्ज की गई हैं।
वकील का दावा- मॉल से हुई गिरफ्तारी
तेजप्रताप यादव के वकील जगन्नाथ सिंह ने दावा किया कि उनके मुवक्किल को 25 जुलाई की शाम करीब 7:30 बजे पटना के सिटी सेंटर मॉल से गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने कहा कि मॉल के सीसीटीवी फुटेज से यह तथ्य स्पष्ट हो सकता है और अदालत से उनकी रिहाई की मांग की गई है।
प्रदर्शन के दौरान हुई थी झड़प
जानकारी के अनुसार, बिहार बंद के दौरान तेजप्रताप यादव गांधी मैदान के गेट नंबर-10 के पास प्रदर्शन में शामिल हुए थे और बाद में विभिन्न छात्र संगठनों के विरोध कार्यक्रमों में भी मौजूद रहे। इसी दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प और पथराव हुआ।
इस घटना में गांधी मैदान थानाध्यक्ष अखिलेश मिश्रा, टीओपी प्रभारी प्रमोद कुमार समेत कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे। पुलिस का कहना है कि इसी घटना के आधार पर तेजप्रताप यादव के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
फिलहाल उनकी जमानत याचिका पर अदालत के फैसले और मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।


