हर पंचायत में होगी खेल प्रतिभाओं की खोज, 15 सितंबर से शुरू होगा विशेष अभियान: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि बिहार सरकार राज्य के हर पंचायत में विशेष अभियान चलाकर खेल प्रतिभाओं की पहचान करेगी। इसके लिए 15 सितंबर से राज्यव्यापी प्रतिभा खोज अभियान शुरू किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को वैज्ञानिक तरीके से प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर मिल सके।

मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम, राजवंशी नगर में खेल विभाग द्वारा आयोजित ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ योजना’ के तहत नियुक्ति-पत्र एवं खेल छात्रवृत्ति चयन-पत्र वितरण समारोह का उद्घाटन किया।

19 खिलाड़ियों को मिला नियुक्ति-पत्र

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर आकाश दीप और मुकेश कुमार सहित कुल 19 खिलाड़ियों को नियुक्ति-पत्र प्रदान किए। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी देकर राज्य सरकार यह संदेश दे रही है कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को हर स्तर पर सम्मान और अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि बिहार में पहली बार किसी खिलाड़ी को पुलिस उपाधीक्षक (DSP) जैसे उच्च पद पर नियुक्ति दी गई है, जिससे युवा खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ेगा।

हर पंचायत से खोजी जाएंगी नई प्रतिभाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पंचायत स्तर पर खेल प्रतिभाओं की खोज कर उन्हें व्यवस्थित प्रशिक्षण उपलब्ध कराएगी। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में बिहार में 5,000 खेल मैदानों का निर्माण पूरा किया गया है, जिससे गांव-गांव में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।

विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में आधुनिक खेल अवसंरचना विकसित करने के लिए कई परियोजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है। पटना के मोइनुल हक स्टेडियम का पुनर्विकास किया जा रहा है और इसके संचालन की जिम्मेदारी बीसीसीआई को सौंपी गई है। करीब 40 हजार दर्शकों की क्षमता वाला यह स्टेडियम भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी करने में सक्षम होगा।

उन्होंने कहा कि नालंदा स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की स्थापना और बिहार में तीन विश्व कप स्तरीय प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन राज्य की खेल क्षमता को नई पहचान दे रहे हैं।

637 खिलाड़ियों को मिलेगी छात्रवृत्ति

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के तहत चयनित खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए। बिहार खेल छात्रवृत्ति योजना-2026 के तहत इस वित्तीय वर्ष में 637 खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति दी जाएगी। इसमें उत्कर्ष योजना के तहत 21, सक्षम योजना के तहत 184 और प्रेरणा योजना के तहत 432 खिलाड़ियों का चयन किया गया है।

सरकार खिलाड़ियों को उत्कर्ष योजना के तहत 20 लाख रुपये प्रतिवर्ष, सक्षम योजना के तहत 5 लाख रुपये प्रतिवर्ष और प्रेरणा योजना के तहत 3 लाख रुपये प्रतिवर्ष की छात्रवृत्ति उपलब्ध कराएगी।

खिलाड़ियों को पुरस्कार राशि भी दी गई

समारोह में सेतु मिश्रा को एशियाई अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 में स्वर्ण और रजत पदक जीतने पर 37.50 लाख रुपये, विभास्कर कुमार को भारत का प्रतिनिधित्व करने पर 2 लाख रुपये तथा शतरंज खिलाड़ी मरियम फातिमा को कॉमनवेल्थ यूथ शतरंज चैंपियनशिप-2026 में कांस्य पदक जीतने पर 9 लाख रुपये की सांकेतिक पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य बिहार को खेलों के क्षेत्र में देश का नंबर-1 राज्य बनाना है और आने वाले वर्षों में बिहार के खिलाड़ी ओलंपिक, विश्व कप, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स और आईपीएल जैसे प्रतिष्ठित मंचों पर राज्य और देश का नाम रोशन करेंगे।

(यह समाचार मुख्यमंत्री सचिवालय द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है।)

  • ये भी पढ़े..

    रोहतास में BSAP जवान ने सरकारी कार्बाइन से खुद को मारी गोली, करबंदिया थाना परिसर में आत्महत्या से सनसनी

    Share Add as a preferred…