सीतामढ़ी: महिला गृहरक्षक के छेड़छाड़ के आरोप के बाद कनहौली थानाध्यक्ष लाइन क्लोज, नए SHO की तैनाती

सीतामढ़ी: सीतामढ़ी जिले के कनहौली थाना में प्रतिनियुक्त एक महिला गृहरक्षक द्वारा थानाध्यक्ष अमृत कुमार पाल पर छेड़छाड़ और अनुचित व्यवहार का आरोप लगाए जाने के बाद पुलिस मुख्यालय ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। पुलिस मुख्यालय के आदेश पर कनहौली के थानाध्यक्ष अमृत कुमार पाल को तत्काल प्रभाव से लाइन क्लोज कर दिया गया है। उनकी जगह सोनबरसा थाना में पदस्थापित दारोगा सुनील कुमार यादव को कनहौली का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है।

महिला गृहरक्षक ने लगाए गंभीर आरोप

जानकारी के अनुसार, महिला गृहरक्षक ने डीजीपी और सीतामढ़ी एसपी को लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया है कि 20 जुलाई की रात पुलिस रेड से लौटने के बाद महिला बैरक का कमरा नहीं खुलने पर थानाध्यक्ष ने उन्हें नीचे एक खाली कमरे में बुलाया। आरोप है कि कमरे के भीतर उनके साथ छेड़छाड़ और अनुचित व्यवहार किया गया। महिला ने आवेदन में निष्पक्ष जांच, सुरक्षा और संबंधित साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की मांग की है।

एसपी ने गठित की जांच समिति

मामले को गंभीरता से लेते हुए सीतामढ़ी एसपी अमित रंजन ने इसकी जांच जिला स्तरीय समिति को सौंप दी है। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस मुख्यालय ने की प्रशासनिक कार्रवाई

जांच पूरी होने से पहले ही पुलिस मुख्यालय ने प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई करते हुए थानाध्यक्ष अमृत कुमार पाल को लाइन क्लोज कर दिया। साथ ही सोनबरसा थाना में पदस्थापित दारोगा सुनील कुमार यादव को कनहौली थाना का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है।

जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई

फिलहाल मामले की जांच जारी है। महिला गृहरक्षक द्वारा लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

  • ये भी पढ़े..