बी-टेक (लेटरल एंट्री) में नामांकन का पहला सीट आवंटन 25 जुलाई को, 23 जुलाई तक करें चॉइस फिलिंग

पटना, 22 जुलाई: बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (बीसीईसीईबी) ने तीन वर्षीय इंजीनियरिंग डिप्लोमा उत्तीर्ण छात्रों के लिए बी-टेक (लेटरल एंट्री) के दूसरे वर्ष में नामांकन प्रक्रिया जारी रखी है। पर्षद के अनुसार, पहले राउंड के सीट आवंटन का परिणाम 25 जुलाई को जारी किया जाएगा। अभ्यर्थी अपना रिजल्ट बीसीईसीईबी की आधिकारिक वेबसाइट पर लॉगिन के माध्यम से देख सकेंगे।

23 जुलाई तक भर सकते हैं कॉलेज और ब्रांच की पसंद

बीसीईसीईबी के अनुसार, ऑनलाइन काउंसलिंग के तहत 13 जुलाई से शुरू हुई चॉइस फिलिंग प्रक्रिया 23 जुलाई तक चलेगी। निर्धारित समय सीमा के भीतर अभ्यर्थियों को अपनी पसंद के कॉलेज और शाखा का चयन करना होगा।

मेरिट और विकल्प के आधार पर होगा सीट आवंटन

पर्षद ने बताया कि अंतिम तिथि तक चॉइस फिलिंग करने वाले अभ्यर्थियों को मेरिट सूची और उनके द्वारा भरे गए विकल्पों के आधार पर सीट आवंटित की जाएगी। सीट आवंटन का परिणाम अभ्यर्थी अपने लॉगिन के माध्यम से देख सकेंगे।

विकल्प लॉक नहीं करने पर स्वतः होगा लॉक

बीसीईसीईबी ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे निर्धारित समय के भीतर स्वयं अपने विकल्प लॉक कर लें। यदि कोई अभ्यर्थी ऐसा नहीं करता है तो अंतिम तिथि के बाद उसके विकल्प स्वतः लॉक कर दिए जाएंगे। साथ ही, भविष्य की आवश्यकता को देखते हुए चॉइस फिलिंग का प्रिंट सुरक्षित रखने की भी सलाह दी गई है।

सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों में मिलेगा प्रवेश

यह काउंसलिंग बिहार के सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों तथा ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के अंतर्गत संचालित डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम विमेंस इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में बी-टेक के विभिन्न पाठ्यक्रमों के दूसरे वर्ष (लेटरल एंट्री) में प्रवेश के लिए आयोजित की जा रही है।

सरकार का कहना है कि राज्य के सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों में आधुनिक आधारभूत संरचना, राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप शिक्षकों की नियुक्ति और कम शुल्क पर गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे डिप्लोमा उत्तीर्ण छात्रों को बेहतर करियर के अवसर मिल सकें।

(यह समाचार बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (बीसीईसीईबी) द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है।)

  • ये भी पढ़े..

    CJP का सरकार को अल्टीमेटम: “मांगें पूरी होने तक जंतर-मंतर पर आंदोलन जारी रहेगा”

    Share Add as a preferred…

    AAP, RJD, SP और JMM सांसदों का अस्पताल गेट पर धरना; सोनम वांगचुक से मिलने पहुंचे विपक्षी सांसदों को पुलिस ने रोका, जमकर हुआ विरोध

    Share Add as a preferred…