
पटना, 22 जुलाई: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को पटना सिटी स्थित गुरु गोविंद सिंह अस्पताल (जिला अस्पताल) के नवनिर्मित भवन में विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने जिला औषधि भंडार गृह, पटना का भी शुभारंभ किया। साथ ही राज्यभर में आईसीयू बेड, आपातकालीन सेवाएं, निःशुल्क पैथोलॉजी और डायलिसिस सेवाओं सहित कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य योजनाओं की शुरुआत की।
गुरु गोविंद सिंह अस्पताल में बढ़ीं आधुनिक सुविधाएं
लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री ने अस्पताल के नए भवन का निरीक्षण किया और मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिया कि अस्पताल में सभी आवश्यक इलाज की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि मरीजों को दूसरे अस्पतालों में रेफर करने की जरूरत न पड़े।
मुख्यमंत्री ने ऑर्थोपेडिक ऑपरेशन थिएटर का भी निरीक्षण किया और कहा कि अस्पताल को हड्डी रोग उपचार के क्षेत्र में विशेष पहचान बनाने की दिशा में कार्य करना चाहिए।
राज्य के अस्पतालों में शुरू हुई नई स्वास्थ्य सेवाएं
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य के विभिन्न जिला अस्पतालों में—
- 105 नए ICU बेड
- 70 इंटरमीडिएट केयर यूनिट (IMCU) बेड
- 24×7 आपातकालीन सेवाओं
का भी शुभारंभ किया।
PPP मॉडल पर निःशुल्क पैथोलॉजी सेवा
मुख्यमंत्री ने सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत निःशुल्क पैथोलॉजी सेवाओं के प्रथम चरण की शुरुआत की। पहले चरण में 11 हब लैब और उनसे जुड़ी 221 स्पोक लैब (नमूना संग्रह केंद्र) को जोड़ा गया है। सरकार के अनुसार, इससे मरीजों को आधुनिक जांच सुविधाएं और समय पर रिपोर्ट उपलब्ध हो सकेगी।
25 अनुमंडलीय अस्पतालों में डायलिसिस सेवा
मुख्यमंत्री ने राज्य के 25 अनुमंडलीय अस्पतालों में डायलिसिस सेवा का भी शुभारंभ किया। प्राथमिकता प्राप्त परिवार (PHH) और आयुष्मान भारत कार्डधारकों को यह सेवा निःशुल्क मिलेगी, जबकि अन्य पात्र मरीजों को रियायती दर पर सुविधा उपलब्ध होगी। इससे किडनी रोगियों को इलाज के लिए दूसरे जिलों में जाने की आवश्यकता कम होगी।
स्वास्थ्य सेवाओं को जिला स्तर तक पहुंचाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य अवसंरचना, आधुनिक उपकरण, प्रशिक्षित मानव संसाधन और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का विस्तार जिला एवं अनुमंडल स्तर तक किया जा रहा है, जिससे आम लोगों को बेहतर इलाज मिल सके।
‘खंडा साहिब’ का भी किया लोकार्पण
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने गुरु गोविंद सिंह अस्पताल परिसर में प्रबंधक कमेटी तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब की ओर से स्थापित ‘खंडा साहिब’ का भी लोकार्पण कर नमन किया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, विधायक रत्नेश कुमार, पटना की महापौर सीता साहू, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि सहित कई जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
(यह समाचार बिहार सरकार द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है।)


