
बांका: जिले के खेसर थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर अज्ञात अपराधियों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना साहबगंज–बांका मुख्य मार्ग पर रामसरैया मोड़ स्थित नहर पुल के समीप हुई। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मायागंज), भागलपुर रेफर किया गया है।
बेलहर से घर लौटने के दौरान हुई वारदात
पुलिस के अनुसार, मटुकचक गांव निवासी 35 वर्षीय विक्रम सिंह, पिता श्रीधर सिंह, बेलहर थाना क्षेत्र के लौढ़िया गांव स्थित अपने ससुराल से बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रामसरैया मोड़ के पास पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी।
गोली विक्रम सिंह की कमर के ऊपर दाहिनी ओर लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया
घटना की सूचना मिलते ही गश्त कर रही खेसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, फुल्लीडुमर पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया।
जांच में जुटी पुलिस
खेसर थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण शुरू कर दिया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर अपराधियों की पहचान और गोलीबारी के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
फिलहाल घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।


