
पटना: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के बीच जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर (पीके) ने भाजपा के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि यदि किसी को शिकायत है तो उसकी निष्पक्ष जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग और अन्य संवैधानिक संस्थाएं अपना काम करें, इसमें किसी को घबराने की जरूरत नहीं है।
“जांच कराइए, कार्रवाई होने दीजिए”
प्रशांत किशोर ने कहा, “देश में सबसे ज्यादा पैसा खर्च करने वाली पार्टी दूसरे पर आरोप लगा रही है। इलेक्शन कमीशन उनका, कोर्ट उनका, शासन उनका, फिर शिकायत करने क्यों जा रहे हैं? अगर उन्हें लगता है कि हमने गलती की है तो चुनाव आयोग को जांच करने दीजिए और कार्रवाई करने दीजिए। इसमें घबराहट किस बात की है?”
उन्होंने यह भी कहा कि जब अन्य दल चुनाव आयोग के पास जाते हैं तो भाजपा निष्पक्ष चुनाव की बात करती है, लेकिन अब स्वयं शिकायत कर रही है। उनके अनुसार, अब भाजपा हार की आशंका से चुनाव आयोग का रुख कर रही है।
छात्रों के प्रदर्शन पर भी दी प्रतिक्रिया
पटना में छात्रों के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि राज्य के युवाओं और छात्रों में लंबे समय से नाराजगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में बार-बार परीक्षा प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाएं हुई हैं और दोषियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होती। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि परीक्षा देने वाले छात्रों को समय पर नौकरी नहीं मिलती और भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं।
प्रशांत किशोर ने कहा कि इन कारणों से छात्रों का गुस्सा लगातार बढ़ता गया और अब वह खुलकर सामने आ रहा है।
नोट: यह समाचार जन सुराज पार्टी द्वारा जारी प्रेस नोट पर आधारित है। इसमें व्यक्त आरोप और राजनीतिक टिप्पणियां संबंधित नेता के बयान हैं। इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है तथा संबंधित पक्ष का जवाब समाचार मिलने तक प्राप्त नहीं हो सका है।


